Blogआस्थाउत्तर प्रदेशएक्सक्लूसिव खबरेंदिल्ली एनसीआरहापुड़

सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई

एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, अमावस्या पर स्नान के चलते लगा लंबा जाम

By:Robin Sharma

हापुड़। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर गंगा घाट पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। रविवार रात से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे, रात 12 बजे से ही स्नान प्रारंभ हो गया था। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन किए और अपने-अपने गंतव्यों को रवाना हो गए। शाम तक स्नान चलता रहा। घाट पर भंडारों और यज्ञ का आयोजन किया गया। सोमवार को सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर गंगा में स्नान करने के लिए रविवार दोपहर से ही आसपास के क्षेत्र और पड़ोसी जनपदों के श्रद्धालु यहां पहुंचने शुरू हो गए। सुबह चार बजे तक गंगा तट श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। सूर्योदय के बाद श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अ‌र्घ्य देकर उपासना की। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने पर्याप्त प्रबंध किए थे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादा कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहे। पानी की गहराई अधिक होने के स्थान पर खतरे का निशान लगाते हुए बेरीकेडिंग की गई। इससे आगे श्रद्धालुओं को स्नान के लिए नहीं जाने दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपने ईष्ट देव और पितरों का आशीर्वाद लिया। पंडित विनोद कुमार शास्त्री ने बताया कि हिन्दू धर्म में सोमवती अमावस्या का विशेष महत्व है। इस दिन श्रद्धालु गंगा स्नान और दान आदि करते हैं। इस बार यह अमावस्या सोमवार को हुई, ऐसा संयोग बहुत कम ही होता है जब अमावस्या सोमवार के दिन हो। सोमवार भगवान शिव का दिन माना जाता है।और सोमवती अमावस्या तो पूर्णरूपेण शिव को समर्पित होती है। ऐसा करने से हमेशा श्रद्धालुओं के घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
सोमवती अमावस्या के चलते सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने एसपी ब्रजघाट पहुंचे। गंगा स्नान के दृष्टिगत उन्होंने ब्रजघाट के स्नान घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।और साथ ही श्रद्धालुओ की सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को भी चैक करते हुए  आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अमावस्या पर स्नान के चलते लगा लंबा जाम
सोमवार को फाल्गुन अमावस्या के चलते दूर दूराज के श्रद्धालु अपने निजी वाहनों से गंगा स्नान को ब्रजघाट पहुंचे। सुबह से ही श्रद्धालुओं के वाहन  पहुंचने शुरू हो गए थे। रोडवेज बसों के द्वारा भी श्रद्धालु स्नान का पहुंचे। इसी कारण गंगा पुल और टोल पर कई घंटे जाम की स्थिति बनी रही। वाहन चालकों को 2 से 3 घंटे तक जाम के झाम से दो चार होना पड़ा। उधर, गंगा पुल पर जाम के चलते हाईवे पर वाहनों की स्पीड को ब्रेक लगा। पुलिस को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।

Related Articles

Back to top button