तेंदुए ने किसान पर किया जानलेवा हमला, ग्रामीणों में दहशत
• दो दिन पहले सांड को जंगली जानवर ने मार डाला था • आबादी के पास हुए हमले से ग्रामीणों में दहशत

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के खादर इलाके में तेंदुए की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। दो दिन पहले एक सांड को मारने की घटना के बाद मंगलवार दोपहर एक किसान पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में किसान घायल हो गया, जिसे परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव नयागांव निवासी किसान शक्की मंगलवार दोपहर भगवंतपुर के जंगल क्षेत्र में अपनी गन्ने की फसल देखने के लिए गया था। किसान का आरोप है कि खेत में पहले से छिपे बैठे एक जंगली जानवर ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। हमले में उसकी जांघ पर गहरे पंजों के निशान आ गए और वह घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के किसान मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद जंगली जानवर खेतों की ओर भाग गया।
घायल किसान ने बताया कि जिस जानवर ने हमला किया उसके शरीर पर धारियां और धब्बे दिखाई दे रहे थे। उसका कहना है कि हमला तेंदुए ने ही किया है। वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला किसी जंगली जानवर के हमले का प्रतीत हो रहा है। घटना स्थल की जांच के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
दिन दहाड़े किसान पर हुआ हमला
दिनदहाड़े आबादी से करीब 300 मीटर की दूरी पर हुए इस हमले से आसपास के कई गांवों के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में खड़ी फसलों की देखरेख और पशुओं के लिए चारा लाना अब जोखिम भरा हो गया है। लोगों को बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा की भी चिंता सता रही है। घटना की सूचना पर डीएफओ गौतम सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और घायल किसान का हालचाल जाना। इसके बाद अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि दो दिन पहले एक सांड को जंगली जानवर ने मार डाला था, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने तत्काल पिंजरा लगाकर जंगली जानवर को पकड़ने और क्षेत्र में लगातार गश्त कराने की मांग की है। वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अकेले खेतों में न जाने की सलाह दी है।







