बिना लाइफ जैकेट के श्रद्धालुओं को नाव में बैठाने वाले दो नाविक गिरफ्तार
अपना शहर गढ़मुक्तेश्वर

■- पुलिस ने दो नाविकों को गिरफ्तार किया
By:Robin Sharmaब्रजघाट, गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली पुलिस ने ब्रजघाट गंगा में बिना लाइफ जैकेट श्रद्धालुओं को नाव में बैठाने वाले दो नाविकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गंग नगरी में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस चौकी प्रभारी सार्थक गुर्जर ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ब्रजघाट पर गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, और सुरक्षा नियमों की अनदेखी से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसी के मद्देनजर पुलिस ने मौके पर जांच की और नियमों का उल्लंघन करते पाए गए नाविकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए नाविकों की पहचान नंद किशोर और जोगेंद्र निवासी गढ़ नगर के रुप में हुई है। पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। चौकी प्रभारी ने बताया कि गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, बिना लाइफ जैकेट नाव में सवारी कराना बेहद खतरनाक है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नाव संचालकों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने के सख्त निर्देश दिए हैं, चेतावनी दी है कि उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे नाव में बैठते समय लाइफ जैकेट अवश्य पहनें और अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।







