कांवड़ मार्गों एवं शिवालयों पर सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य नजर आई
बारिश के बावजूद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा ड्यूटी पर मुस्तैद रहे

हापुड़। सावन माह की शिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर जनपद भर के सिवालयों और कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य नजर आई। बारिश के बावजूद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। कांवड़ियों के तड़के 5.50 बजे जलाभिषेक के समय को देखते हुए पुलिस सुबह चार बजे से ही अपने अपने पाइंटों पर तैनात हो गया था। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थानों और मंदिर परिसरों में सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने पुलिस टीम के साथ प्रमुख शिवालयों का दौरा कर तैनात जवानों को सजगता बरतने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं देर शाम तक पुलिस की गश्ती टीमों ने कांवड़ मार्गों पर पेट्रोलिंग जारी रखी, जिससे पूरा पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।
शिवरात्रि पर शिवालयों में जलाभिषेक को उमड़ा भक्तों का सैलाब
कांवड़ियों के जलाभिषेक के समय सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। इसके साथ ही डाक कांवड़ लेकर आने वाले कांवड़ियों को भी शिवालयों में प्रवेश में दिक्कत न आए इसका पूरा ध्यान रखा गया। शिवालो में बैरिकेडिंग कराई गई थी। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की अलग अलग कतार लगी हुई थी। सादे कपड़ों में तैनात पुलिस के जवान संदिग्धों पर निगाह रखे हुए थे। बारिश के बाद भी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तैनात रहे। वहीं श्रद्धालुओं को बारिश भी नहीं रोक सकी। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की मदद से संदिग्धों पर निगाह रखी गई। महिला पुलिस कर्मी भी शिवालयों पर मुस्तैद रही।
शिवरात्रि को लेकर रंगबिरंगी लाईटों से सजे शिवालय
श्रद्धालुओं की उपस्थिति: प्राचीन सबली मंदिर और कल्याणपुर में स्थित कल्यानेश्वर महादेव मंदिर में बारिश में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए पहुंच रहे थे। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सबली मंदिर पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था जायजा लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं सैकड़ों पुलिस कर्मी मौजूद रहे।







