सावन माह में शिवरात्रि से पहले 20 किलो मीट बरामद, आरोपी गिरफ्तार
गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते से पहुंचा आरोपी, ग्रामीणों के विरोध पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, पुलिस ने मीट को कराया जमींदोज

गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़। सावन माह और शिवरात्रि से ठीक पहले बहादुरगढ़ क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब गंगा एक्सप्रेस-वे के समीप एक युवक के पास से करीब 20 किलोग्राम मुर्गे का मीट बरामद हुआ। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई तथा हंगामा शुरू हो गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मीट को कब्जे में लेकर जमींदोज करा दिया।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के सिकंदर गेट निवासी सुहेल नामक युवक गाजीपुर से मुर्गे का मीट लेकर स्याना जाने के लिए बस में सवार हुआ था। बताया गया कि उसे सदरपुर इंटरचेंज पर उतरना था, लेकिन बस चालक ने उसे बहादुरगढ़ ओवरब्रिज के पास उतार दिया। युवक चार पॉलिथीन में मीट लेकर एक्सप्रेस-वे से नीचे उतर रहा था। सफेद पॉलिथीन में खून और मीट स्पष्ट दिखाई देने पर एक राहगीर को संदेह हुआ। उसने युवक को रोककर अन्य लोगों को बुलाया और डायल-112 पर सूचना दे दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव, तहसीलदार पवन यादव तथा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मीट को कब्जे में लेकर पशु चिकित्सक को बुलाया। मौके पर मीट के नमूने लिए गए और बाद में जेसीबी मंगवाकर उसे मिट्टी में घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण और मार्ग से गुजर रहे लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। शिवभक्तों के आवागमन वाले मार्ग के निकट मीट मिलने से लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस ने समझाइश देकर भीड़ को शांत कराया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। ग्रामीणों का कहना था कि यदि युवक नियत स्थान पर उतर जाता तो वह मुख्य कांवड़ मार्ग से होकर आगे बढ़ सकता था, जिससे तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। वहीं लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि खुले तौर पर पॉलिथीन में रखा मीट बस में गाजीपुर से बहादुरगढ़ तक कैसे पहुंच गया औरचालक-परिचालक ने इस पर कोई आपत्ति क्यों नहीं जताई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







