Blogआस्थाउत्तर प्रदेशउत्तर प्रदेशएक्सक्लूसिव खबरेंहापुड़

हाईवे पर रंगबिरंगी कांवड़ कर रही है आकृषित

अंतिम चरण में पहुंची कांवड़ यात्रा

By:प्रवेश भाटी/भोला

गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़। कांवड़ यात्रा अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। क्षेत्र से गुजरने वाले लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर इन दिनों आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। जहां तक नजर जाती है, वहां तक भगवा वस्त्रों में शिवभक्तों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। चारों ओर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया है।

रविवार को गोमुख, हरिद्वार, ब्रजघाट से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री क्षेत्र में पहुंचे। यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण हाईवे पर कांवड़ यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। कांवड़ पटरी के साथ साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाईवे से ही अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।

शिव, माता पार्वती और अन्य देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां

शिवभक्त भजनों की धुन पर झूमते हुए उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा कर रहे हैं। हाईवे पर रंग-बिरंगी और आकर्षक कांवड़ लोगों का ध्यान खींच रही हैं। कई कांवड़ यात्रियों ने अपनी कांवड़ को विशेष रूप से सजाया है, जबकि बड़ी कांवड़ों के साथ भगवान शिव, माता पार्वती और अन्य देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां भी निकाली जा रही हैं।भगवान शिव और माता पार्वती की वेशभूषा में सजे कलाकारों का नृत्य राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इन झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे खड़े नजर आए।

यात्रा के दौरान कई स्थानों पर कांवड़ यात्रियों ने अस्थायी शिविर भी बनाए हैं। हाईवे किनारे जगह-जगह विश्राम करते श्रद्धालु दिखाई दे रहे हैं। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से लगाए गए सेवा शिविरों में भोजन, पेयजल, विश्राम और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। चिकित्सा शिविरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।

Related Articles

Back to top button