तीन सेंटीमीटर बढ़ा गंगा का जलस्तर
आज बढ़ोतरी होने की संभावना, बिजनौर बैराज से छोड़ा गया है एक लाख क्यूसेक पानी

HAPUR गढ़-ब्रजघाट क्षेत्र में गंगा का जलस्तर तेजी से घट और बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह जलस्तर कुछ कम हुआ लेकिन, बुधवार शाम तक तीन सेंटीमीटर बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने से अब पक्के घाट की कई सीढियां डूब गई। खादर क्षेत्र के किसानों की भी चिंता बढ़ गई है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष मेरठ के अनुसार मंगलवार की शाम तक ब्रजघाट में गंगा का जलस्तर समुद्र तल से 198.48 मीटर दर्ज किया गया था लेकिन बिजनौर बैराज से डिस्चार्ज किया गया पानी क्षेत्र में पहुंचने से बुधवार शाम छह बजे फिर से बढ़ कर जलस्तर 198.51 मीटर के निशान तक पहुंच गया है। जलस्तर बढऩे से गंगा के दूसरे छोर पर अस्थाई रेतीले टापुओं पर बनाए गए घाटों में करीब दो फिट तक पानी भर गया है। जो नावों के जरिए अस्थाई घाटों पर पहुंचकर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए खतरे का सबब बना हुआ है। वहीं गांव चक लठीरा के प्रधान निरंजन सिंह ने बताया कि कुदैनी की मढ़ैया, शाकरपुर, नयाबांस, गड़ावली समेत कई गांव ऐसे हैं, जब जल स्तर बढ़ता है, तो पानी गांवों में पहुंच जाता है। साथ ही घेरों में बने बोंगे-बिटौरो में भी पानी भर जाता है। जिससे लोगों को ईंधन की दिक्कत झेलनी पड़ती है। साथ ही रास्ते पर दो से तीन फिट तक पानी भरने से आवागमन प्रभावित होता है।एसडीएम श्रीराम सिंह ने बताया कि जल स्तर में बढ़ोतरी हुई है। राजस्व निरीक्षक और लेखपालों को गंगा तटीय क्षेत्रों में भेजकर ग्रामीणों से वार्ता की जा रही है। साथ ही बाढ़ चौकी स्थापित कर दी है। जिन पर तैनात कर्मचारियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।







