सावन के दूसरे सोमवार शिवालयों पर उमड़े भक्त, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल रहा तैनात

गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़। सावन के दूसरे सोमवार क्षेत्र भर के मंदिरों में शिवभक्तों की भीड़ रही। शिवभक्तों ने भक्तिभाव से भगवान शिव, मां गौरी और गणेश जी का पूजन किया। इस मौके पर शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक और हवन यज्ञ तथा भंडारे आदि के कार्र्यक्रम किए गए। दिन भर मंदिरों में शिवभक्तों की भीड़ रही। शिवालय हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजते रहे। वहीं कल्याणपुर में स्थित कल्यानेश्वर शिव मंदिर पर भी हजारों भक्तों की लंबी कतार लग गई, इस दौरान पुलिस-प्रशासन ने पहले से ही अपनी तैयारीयों क़ो पूरा कर रखा था, और पुलिस प्रशासन भोले भक्तों की सुरक्षा में अलर्ट मोड पर रहा, जिससे किसी भी शिव भक्तों को कोई परेशानी नहीं हुई, नगर के नक्का कुंआ, कल्यापुर, दत्तियाना में लाल मंदिर, सिंभावली में शिव मंदिर में सुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ लग गई। यहां दिन भर भक्तों की लाइनें लगी रहीं। भक्तों ने गंगाजल, अक्षत, बेलपत्र व सुगंधित पुष्प तथा और भांग व धतूरा से भगवान शिव का पूजन किया। यहां दिन भर भंडारे आदि के आयोजन चलते रहे। भगवान शिवमंदिर पर प्रात:काल से ही शिवभक्तों की लाइनें लग गई। भक्तों ने पूजन अर्चन के साथ हवन यज्ञ व रामचरित मानस पाठ आदि के आयोजन किए।
शिव भक्तों की सुरक्षा में पुलिस-प्रशासन अलर्ट
इस दौरान चौकी इंचार्ज झडीना अंकित कुमार ने अपनी टीम के साथ कल्यानेश्वर मंदिर मार्ग पर पैदल जा रहे शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस प्रशासन द्वारा कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने कांवड़ियों से निर्धारित मार्ग का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की है।
अंकित कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, ताकि शिवभक्तों की यात्रा बिना किसी बाधा के अच्छी तरह से संपन्न हो सके।







