ग्रामीणों ने जंगल में घूम रहे संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मारपीट करने के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंपा, ड्रोन उड़ने और चोर सक्रिय होने से फैली दहशत नहीं थम रही

गढ़मुक्तेश्वर/हापुड़। आबादी से सटे जंगल में घूम रहे संदिग्ध युवक को दबोचकर ग्रामीणों ने जमकर मारपीट कर डाली। जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है।
गढ़ तहसील क्षेत्र के गांव फत्तापुर और अक्खापुर की सीमा से जुड़े जंगल में बृहस्पतिवार की दोपहर को एक युवक संदिग्ध दशा में इधर से उधर घूम रहा था। जिस पर नजर पड़ते ही ग्रामीणों को उसके चोर होने का संदेह हो गया, जो पकड़ में आने से बचने को गन्ने की फसल में जा घुसा। ड्रोेन उड़ने और चोरों के सक्रिय होने को लेकर उड़ रहीं अफवाहों के बीच फैल रही दहशत के चलते ग्रामीणों ने खोजबीन करते हुए उसे दबोच लिया और मारपीट कर डाली। ग्रामीणों का कहना है कि पूछताछ के दौरान युवक ने खुद को जनपद बस्ती का रहने वाला बताते हुए रात में दो साथियों के साथ आम के बाग में ठहराव करने की बात कही है। हालांकि प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस संबंधित युवक को मानसिक तौर पर बीमार मान रही है। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि ग्रामीणों द्वारा चोर होने के संदेह में दबोचकर सौंपे गए युवक से पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर विस्तार से पूछताछ की जा रही है, जिसके आधार पर ही अब अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।







