सूबे में आने वाली सरकार सपा की होगी
अपना शहर गढ़मुक्तेश्वर

□- वैट गांव में आयोजित पीडीए की चौपाल में पहुंचे पूर्व मंत्री □- किसी के बहकावे में न आने की बात कहीं
By:Robin Sharmaहापुड़। सिम्भावली क्षेत्र के वैठ गांव में पूर्व प्रधान शेर अली के आवास पर समाजवादी पार्टी की एक जनसभा आयोजित की गई। इस जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज को मजबूत करने और मौजूदा सरकार को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दकी ने अपने संबोधन में कहा कि पीडीए समाज को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को अपनी नींद छोड़कर गांव-गांव जाकर अनुसूचित जाति , अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों को एकजुट करना होगा। उन्होंने बताया कि वह 15,813 लोगों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे। सिद्दकी ने मौजूदा सरकार पर जुल्म, ज्यादती, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा है, गन्ना किसानों को उनके मूल्य का भुगतान नहीं हो रहा है और दैवीय आपदा में भी मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पीडीए के तहत वंचित वर्गों को जोड़कर सपा की सरकार बनानी है, ताकि अखिलेश यादव दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बन सकें। इस दौरान राष्ट्रीय लोक दल छोड़कर सपा में शामिल हुए पूर्व प्रधान शेर अली का लाल टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान,अख्तर मालिक, साजिद चौधरी रिजवान चौधरी, जावेद अली, नन्हे खां, राशिद अली, अब्दुल खान, सरताज, भूरे खान, खालिद अली, रहमान, जुल्फिकार, ताहिर सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।







