शादी में शामिल होने आई किशोरी के साथ उसकी ही मौसी ने अपने पति से कराया दुष्कर्म
हापुड़। गढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शादी में शामिल होने के लिए आई किशोरी के साथ उसकी ही मौसी ने अपने पति से दुष्कर्म कराया। इस दौरान पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर शराब भी पिलाई गई। पुलिस ने आरोपी मौसी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं मुख्य आरोपी मौसा अभी फरार है। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि कुछ दिन पहले गाजियाबाद जनपद के गांव निवासी महिला ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उल्लेख किया था उसकी 15 वर्ष की बेटी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपनी मौसी के घर शादी में शामिल होने के लिए आई थी। वहां शादी के दौरान उसकी बेटी करीब 15 दिन रुकी थी। जहां उसकी बहन ने बेटी के कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी, जिसके बाद आरोपी महिला के पति ने बेटी से दुष्कर्म किया। जिसकी जानकारी मिलने पर उसके होश उड़ गए। सीओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है।







