दहेज की मांग पूरी न होने पर दिया तीन तलाक

□- गढ़ के गांव अठसैनी का मामला □- पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की
By:Robin Sharmaहापुड़। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव अठसैनी में रहने वाली महिला को उसके पति ने दहेज की मांग पूरी न होने पर तीन तलाक दे दिया। पीड़िता के साथ आरोपियों ने मारपीट भी की। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव दौताई निवासी इनाम ने बताया कि उसकी पुत्री गुलबहार का निकाह मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार छह साल पहले शाहनवाज निवासी गांव अठसैनी के साथ हुआ था। निकाह में हैसियत अनुसार दान दहेज दिया था। शादी के बाद से शाहनवाज सूखे पाउडर का नशा करता नजर आया। शाहनवाज ने नशे की आदत के चलते मायके द्वारा दिये गये सामान को बेच दिया है तथा अपाची मोटर साइकिल को किसी के पास गिरवी रख दिया है। उसके बाद आरोपी उनके घर में खड़ी एक अन्य मोटर साइकिल पैशन प्रो तथा घर में रखे हुये 30 हजार रूपये भी चुरा कर ले गया। शाहनवाज तथा उसके परिवार वालों द्वारा लगातार दहेज में मकान की मांग की जाती रही। मांग पूरी ना होने पर शाहनवाज, बहन रेशमा, जीजा अतीक तथा चाचा बाबू गुलबहार के साथ अत्यधिक मारपीट करते थे जिसमें कि गुलबहार का सीधा हाथ भी फट गया। आरोपियों को काफी बार समझाने की प्रयास किया, लेकिन उक्त लोगों ने कोई बात नही मानी तथा अपनी दहेज की नाजायज मांग पर अड़े रहे। उसने बताया कि उसने अपनी छोटी बेटी गुलनाज का रिश्ता गांव बदरखा में तय किया था जहां पर शाहनवाज अपने साथ अज्ञात चार-पांच लोगों को लेकर गया तथा वहां पर गाली गलौंच एवं धमकी देकर आया। इसी कारण छोटी बेटी का रिश्ता भी टूट गया। आरोपी ने उनकी पुत्री गुलबहार को एक बार में तीन बार तलाक तलाक तलाक बोल कर तलाक भी दे दिया। पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







