Blogउत्तर प्रदेशउत्तर प्रदेशएक्सक्लूसिव खबरेंहापुड़

ब्रजघाट गंगानगरी में लगेंगे पीटीजी कैमरे, सवा करोड़ से सुधरेगी जर्जर सडकों की हालत

गर्मी में नहीं रुलाएगी पेयजल किल्लत ● सार्वजनिक स्थलों पर भी लगेंगे कैमरे ● नालों की मरम्मत के साथ ही सुरक्षा कवच भी लगेंगे

By:Robin Sharma

गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़। गर्मी के सीजन में पेयजल किल्लत से निजात दिलाने और सुरक्षा कवच को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने के साथ ही जनहित से जुड़े विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। गढ़ पालिका प्रशासन द्वारा नए वित्तीय वर्ष को लेकर व्यापक कार्य योजना तैयार की गई है। जिसके तहत जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के साथ ही साफ सफाई और पेयजल सप्लाई पर विशेष फोकस किया जा रहा है। चेयरमैन राकेश बजरंगी और ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने बताया कि गर्मी के मौसम में पेयजल की व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद रखी जाएगी। जिसके चलते सार्वजनिक स्थानों पर लगे हैंडपंपों की संख्या डेढ़ सौ से बढ़ाकर 300 की जाएगी। खराब चल रहे हैंडपंपों के रीबोर की संख्या भी 50 से बढ़ाकर 100 कर दी गई है। पालिका क्षेत्र में जर्जर सडक़ों की मरम्मत के साथ ही नई सडक़ों के निर्माण पर राज्य वित्त आयोग से मिलने वाली सवा करोड़ की रकम खर्च होनी है। ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने बताया कि सुरक्षा कवच को मजबूत करने के उद्देश्य से सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ ही ब्रजघाट गंगानगरी में दो पीटीजी कैमरे भी लगवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नालों की सफाई से लेकर जरूरत के मुताबिक नए नालों का निर्माण भी कराया जाएगा।

नालों की मरम्मत के साथ ही साइड में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कराए जा रहे

मोहल्ला राजीव नगर में आबादी के बीच से होकर निकल रहे नाले में गिरकर पिछले साल तीन वर्षीय मासूम शिवा की जान चली गई थी। कई सप्ताह तक गोताखोरों से लेकर परिजनों द्वारा की गई खोजबीन के बाद भी मासूम शिवा का कोई सुराग तक लग पाना संभव नहीं हो पाया था। इस दुखद घटना के बाद मोहल्ले वालों में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर व्याप्त दहशत और भी बढ़ गई है। ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने बताया कि नालों की मरम्मत कराने के साथ ही आबादी के अंदर उनकी साइडों में जाल समेत सुरक्षा से जुड़े अन्य सभी उपाय कराए जा रहे हैं।

जवाहरगंज मंडी में बनेगी सडक़, ईओ ने किया निरीक्षण

बोर्ड बैठक के दौरान गुरुवार को दर्जनों व्यापारियों ने विशाल सिंघल के नेतृत्व में पहुंचकर अपना दुखड़ा सुनाया था। जिसका संज्ञान लेते हुए ईओ पवित्रा त्रिपाठी शुक्रवार को मौके पर पहुंच गईं, जिन्होंने बड़ी बारीकी के साथ निरीक्षण करते हुए व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी डिमांड के अनुसार बहुत जल्द सडक़ को लेकर टेंडर प्रक्रिया कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button