समय-सीमा खत्म होने पर समाजसेवी पंकज लोधी ने अन्न जल का किया, त्याग
अपना शहर गढ़मुक्तेश्वर

● चार सहयोगियों के साथ आमरण अनशन पर बैठे ●ब्रजघाट टोल प्लाजा को हटवाने की कर रहे मांग ● पालिका सीमा में संचालन पूरी तरह अवैध ● कई सामाजिक संगठनों ने दिया समर्थन
By:Robin Sharmaहापुड़। मोहलत बीतने के बाद भी मानक के विपरीत पालिका क्षेत्र में संचालित हो रहे टोल प्लाजा को न हटवाए जाने के विरोध में समाजसेवी पंकज लोधी ने अन्न जल का त्याग करते हुए सहयोगियों के साथ आमरण अनशन प्रारंभ किया। दिल्ली लखनऊ नेशनल हाईवे पर गढ़ पालिका सीमा के अंतर्गत संचालित हो रहे ब्रजघाट टोल प्लाजा को पूरी तरह अवैध बताकर समाजसेवी पंकज लोधी द्वारा उसे हटवाने को लेकर करीब आठ साल से मांग उठाई जा रही है। आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी में ब्रजघाट गंगानगरी को गांव के साथ ही गढ़ पालिका से करीब चार किलोमीटर दूर दिखाए जाने पर नियमों से खिलवाड़ होने का भंडाफोड़ हुआ था, जिसको लेकर पंकज लोधी ने कडक़ड़ाती सर्दी के दौरान तहसील परिसर के अंदर दिसंबर माह में 22 दिनों तक धरना प्रदर्शन किया था। डीएम अभिषेक पांडेय द्वारा धरना स्थल पर पहुंचकर टोल के संबंध में उचित कार्रवाई का भरोसा देते हुए धरना समाप्त करा दिया गया था, जिसके बाद एडीएम संदीप कुमार सिंह की मौजूदगी में जिला मुख्यालय पर हुई वार्ता के दौरान एनएचएआई पीडी अरविंद कुमार ने एक माह के भीतर जांच कराकर मानक के विपरीत होने पर टोल प्लाजा को हटवाने का भरोसा दिया था। परंतु उक्त अवधि बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई संभव न होने पर समाजसेवी पंकज लोधी ने एक बार फिर से आंदोलन की राह पकड़ ली है। जो शुक्रवार को मोंटी चौधरी, जयसिंह राणा, हरशरण प्रजापति और बबलू सहगल के साथ अन्न जल का त्याग करते हुए तहसील परिसर में आमरण अनशन पर बैठ गए। भाकियू महात्मा टिकैत के प्रदेश महासचिव अमित चौधरी समेत बार एसोसिएशन प्रतिनिधि मंडल समेत राजरानी चौधरी, मुन्नी देवी, रविंद्र प्रकाश, समर्थ शिक्षा सेवा समिति सचिव उमेश लोधी पूर्व सभासद संजय डिश, अर्जुन चौधरी, प्रदीप रावत, विनीत गोस्वामी, पुनीत गोस्वामी, संजय यादव, ऋषि कुमार, श्रीपाल जिद्दी, दिग्विजय सिंह, अमानत, उस्मान, कामिल, विकार अहमद, राजवीर शास्त्री, सिद्ध सिंह, कपिल लोधी, पुष्पेंद्र सिंह, सत्येंद्र कुमार, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के तहसील अध्यक्ष अमरीक सिंह, निशांत त्यागी, मोहसिन, मानवाधिकार कानून एवं भ्रष्टाचार निवारण संघ जिला अध्यक्ष राकेश कर्दम, आरिफ खान, प्रवेश चौधरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य लहरी, शोभित त्यागी, रिंकू सिंह आदि ने आमरण अनशन स्थल पर पहुंचकर जनहित से जुड़े आंदोलन में अपना पुरजोर समर्थन दिया।
भले ही जान चली जाए मगर टोल प्लाजा हटे बिना अन्न जल का नहीं करेंगे सेवन
समाजसेवी पंकज लोधी ने धरना स्थल पर हुई सभा में चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध रूप से संचालित हो रहे टोल प्लाजा को किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भले ही उनकी जान चली जाए मगर टोल प्लाजा के हटे बिना किसी भी दशा में अन्न जल का सेवन नहीं करेंगे।







