होली पर सफर में नहीं आएगी दिक्कत
अपना शहर गढ़मुक्तेश्वर

●रोडवेज ने किया अतिरिक्त बसों का इंतजाम; चलेगी स्पेशल सेवा
By:Robin Sharmaहापुड़। होली पर्व अपनों के साथ मनाने के लिए लोगों को उनके अपनों के पास तक पहुंचाने के लिए रोडवेज निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गढ़ डिपो ने भी विशेष प्रबंध किए हैं। इसके तहत 28 फरवरी से नौ मार्च तक विभिन्न मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। वहीं, कर्मियों को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
एआरएम हेमंत मिश्रा ने बताया कि दस दिनों तक गढ़-मेरठ व अन्य मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन करने के साथ ही व्यस्त मार्गों पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। वहीं, इसका लाभ निगम के चालक-परिचालकों व अन्य कर्मचारियों को भी दिया जाएगा। होली का पर्व चार मार्च को मनाया जाएगा। 28 फरवरी से नौ मार्च के बीच लंबी दूरी के मार्ग व ग्रामीण क्षेत्र के लिए विशेष बस संचालित होंगी। योजना के तहत अतिरिक्त ड्यूटी करने और निर्धारित लक्ष्य से अधिक फेरे लगाने वाले चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस अवधि मेें रोजाना 300 किलोमीटर बस चलने पर 450 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
इस संबंध में एआरएम हेमंत मिश्रा ने बताया कि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रोजाना बसों का संचालन कराए जाने से पहले चालक-परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर से टेस्ट होगा।







