ब्रिटिश इंस्टीट्यूट में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नववर्ष
उमेश शर्मा संस्थान डायरेक्टर ब्रिटिश इंस्टीट्यूट में नववर्ष मनाया

पिलखुवा। रेलवे रोड स्थित घास मंडी क्षेत्र में संचालित ब्रिटिश इंस्टीट्यूट में नववर्ष का पर्व बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने नववर्ष का स्वागत किया। संस्थान के निदेशक उमेश शर्मा ने विद्यार्थियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नए वर्ष में लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संगीता शर्मा ने केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सकारात्मक सोच और संस्कार भी जीवन में सफलता की कुंजी हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को नववर्ष की बधाइयां दीं और संस्थान के शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सोंनिया, चंचल, माही, संजय, राखी और मुकुंद तोमर सहित संस्थान का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







