कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल का एडीजी और डीआईजी ने किया निरीक्षण

हापुड़। कार्तिक पूर्णिमा मेले को सकुशल संपन्न कराने को लेकर पुलिस और प्रशासन ने कमर कस ली है। कार्तिक पूर्णिमा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर लगातार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को मेरठ एडीजी भानू भास्कर और डीआईजी कलानिधि नेथानी गढ़मुक्तेश्वर पहुंचे। जहां पर उन्होंने डीएम अभिषेक पांडेय और एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के साथ मिलकर गढ़मुक्तेश्वर में लगने वाले पौराणिक कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर मेला स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा घाटों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने मेले की तैयारियों के संबंध में नक्शे के माध्यम से विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान मेले को बेहतर तरीके से लगाए जाने के लिए स्थानीय लोगों के भी सुझाव लेने की बात कहीं है। अधिकारियों ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगा क्षेत्र में आयोजित होने वाले मेले की सभी तैयारियां और कार्य योजना समय पर पूरी कर ली जाएं। ताकि कार्तिक पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। तत्पश्चात मेल स्थल पर बनी अस्थायी पुलिस लाइन में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर सम्बंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कार्तिक पूर्णिमा मेले का मुख्य स्नान इस बार 5 नवंबर को होगा। 4 नंवबर की शाम को यहां पर दीपदान होगा। यानि दीपावली के पर्व के बाद यहां पर श्रद्धालुओं का आगमन तेजी से शुरू हो जाएगा। जिसकी तैयारी को समय रहते पूरा करने को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कसी हुई है। कार्तिक पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर लगातार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।







