अज्ञात व्यक्ति को चोर समझकर मारपीट करने के मामले में 35 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज

हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव औरंगाबाद में एक अज्ञात व्यक्ति को चोर समझकर भीड़ द्वारा उसके साथ मारपीट करने के मामले में चौकीदार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मिली जानकारी के अनुसार गांव औरंगाबाद में 9 अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति गांव से गुजर रहा था। गांव के कुछ लोगों ने उसे संदिग्ध मानकर ‘चोर-चोर’ का शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते 30-35 लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई और उस व्यक्ति की पिटाई शुरू कर दी। भीड़ ने युवक को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। इस दौरान गांव के चौकीदार सद्दाम मौके पर पहुंचे और उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए युवक को भीड़ के चंगुल से निकाला। इसके बाद उन्होंने घायल व्यक्ति को सुरक्षित पुलिस के हवाले कर दिया था। संबंधित मामले में थाना सिम्भावली पुलिस ने चौकीदार सद्दाम की शिकायत पर 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गढ़मुक्तेश्वर सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है और जल्द ही साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी को भी कानून को अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और संदिग्ध व्यक्ति के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित किया जाना चाहिए। इस घटना में घायल हुए व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।







