आज मनाया जाएगा रक्षाबंधन का त्यौहार, बाजारों में खरीदारी करने के लिए बहनों की उमड़ी भीड़

हापुड़। रक्षाबंधन एक ऐसा त्योहार है जिसे पूरे भारत में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है,यह त्योहार भाई और बहन के प्रेम और सम्मान का प्रतीक है, रक्षाबंधन को सबसे खास इसलिए माना जाता है क्योंकि इसमें भाई-बहन के रिश्तों की मिठास झलकती है। इस बार रक्षाबधंन का त्योहार 9 अगस्त यानी आज मनाया जाएगा, हिंदू पंचांग के अनुसार, श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को हर साल रक्षाबधंन का पर्व मनाया जाता है, इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर एक खास राखी बांधती हैं, जो सुरक्षा का प्रतीक होती है,राखी बांधने के बाद बहनें भाई की लंबी उम्र और खुशहाली की प्रार्थना करती हैं, बदले में भाई अपनी बहन को उपहार देते हैं।
रक्षाबंधन पर राखी बांधने का मुहूर्त
रक्षाबंधन पर आज राखी बांधने का मुहूर्त सुबह 5 बजकर 47 मिनट से लेकर दोपहर 1 बजकर 24 मिनट तक रहेगा, जिसकी अवधि 7 घंटे 37 मिनट की रहेगी। इस बार रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए ब्रह्म मुहूर्त मिलेगा जो सुबह 4 बजकर 22 मिनट से लेकर सुबह 5 बजकर 02 मिनट तक रहेगा, इसके अलावा, अभिजीत मुहूर्त मिलेगा जो दोपहर 12 बजकर 17 मिनट से लेकर 12 बजकर 53 मिनट तक रहेगा। सौभाग्य मुहूर्त भी मिलेगा जो सुबह 4 बजकर 08 मिनट से लेकर 10 अगस्त को तड़के 2 बजकर 15 मिनट पर समाप्त होगा और इसके अलावा सर्वार्थ सिद्धि योग आज सुबह 5 बजकर 47 मिनट से लेकर दोपहर 2 बजकर 23 मिनट तक रहेगा।
रक्षाबंधन पर खरीदारी करने को बाजारों में उमड़ी भीड़
देश भर में रक्षाबंधन का पर्व आज मनाया जा रहा है,ऐसे में रक्षाबंधन त्योहार को लेकर खासा उल्लास है। बाजार में खरीदारी के लिए बहनों की भीड़ उमड़ रही है। राखियों से लेकर गिफ्ट और नारियल की खरीदारी बढ़ गई है। खासतौर पर अंबेडकर चौराहा बहनों से गुलजार है। अच्छी ग्राहकी से व्यापारियों के चेहरे भी खिले हैं। उधर, भाई के घर पहुंचने की बहनों को जल्दबाजी है। ऐसे में ट्रेनों और रोडवेज में महिलाओं की रेलमपेल बढ़ गई है। सरकार ने इस बार बहनों को रोडवेज बस में दाे दिन नि:शुल्क यात्रा का तोहफा दिया है। जिसके चलते महिलाएं रोडवेज बस में नि:शुल्क सफर कर सकेंगी। इस बार आज रक्षाबंधन पर कई दुर्लभ और शुभ योग बन रहे हैं जो न केवल राखी बांधने के लिए बल्कि खरीदारी और निवेश के लिए भी अत्यंत लाभकारी माने जा रहे हैं।







