तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर दो की मौत
हापुड़। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर दो की मौत होने से घरों में कोहराम के साथ ही गांवों में मातम पसर गया। गढ़ क्षेत्र के गांव अल्लाबख्शपुर के सामने वाले कट के पास हाईवे पार करते समय साठ वर्षीय अनवार चौधरी को तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई, हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस आनन फानन में एंबुलैंस से उन्हें गढ़ सीएचसी में ले आई। जहां परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी घटना गढ़ क्षेत्र के गांव अठसैनी के मध्य गंग नहर पुल के पास हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे बाइक पर सवार तीस वर्षीय सत्तार बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसे राहगीर आनन फानन में स्थानीय नर्सिंग होम को ले आए। जहां हालत नाजुक होती देख चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जो मजदूरी के साथ ही स्याना चौपला पर ठेली पर सामान बेचने का कार्य करता था। सड़क दुर्घटना में अनवार और सत्तार की मौत होने से उनके परिवार में कोहराम और दोनों गांवों में मातम पसर गया।







