मिस्ड कॉल करने पर मिल सकेगी भाजपा की सदस्यता
हापुड़। भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर हुई कार्यशाला में संगठन मजबूती के साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर रविवार को गढ़ नगर मंडल में अध्यक्ष अंकुर त्यागी की अध्यक्षता में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेते हुए क्षेत्रीय विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया मंडल में निवास करने वाले जिला, क्षेत्र, मंडल, प्रदेश स्तर से जुड़े पदाधिकारी, बूथ एवं पन्ना प्रमुख स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। विधायक ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर एक सितंबर से भाजपा अपना सदस्यता अभियान प्रारंभ करने जा रही है, जिसमें कोई भी इच्छुक व्यस्क युवक युवती 8800002024 नंबर पर मिस्ड कॉल करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकता है। नगर अध्यक्ष अंकुर त्यागी ने कहा की भाजपा प्रत्येक छह साल में अपने संगठन की सदस्यता का नवीनीकरण करती है। जिसको लेकर बूथ स्तर पर एक टीम का गठन किया गया है, जो सभी वर्गों को पार्टी संगठन से जोडऩे का कार्य करेगी। कार्यशाला में डॉ. हर्षवर्धन, पूर्व सभासद ओमप्रकाश शर्मा, गोपाल ठाकुर, दिनेश गर्ग, कमल त्यागी, दीपेंद्र, शिव कुमार सैनी, अर्जुन ठाकुर, गौरव ठाकुर, प्रशांत त्यागी, दीपक गौड़ समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।