खेत की डोल तोड़ने का विरोध करने पर किया जानलेवा हमला, घायल

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव नानुपर में खेत पर गए किसान पर मेढ़ तोड़ने का विरोध करने पर जान लेवा हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसान को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। किसान ने कोतवाली में चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी चंद्र सिंह ने बताया कि उसके पड़ोसी खेत स्वामी उससे रंजिश रखते है। समय-समय पर आरोपी उसके खेड़ की मेढ़ काट चुके है। इसको लेकर मना किया गया, लेकिन आरोपी अपनी आदत में बाज नहीं आते है। पीड़ित ने बताया कि सोमवार की सुबह को उसने देखा कि आरोपी उसके खेत की मेढ़ को काट रहे है। पीड़ित ने ऐसा करने से मना किया तो आरोपी ने अपने तीन अन्य सााथियों के साथ मिलकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया। इस संबंध में सीओ आशुतोष शिवम का कहना है, कि पीड़ित किसान की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है।