चिकित्सक ने सास ससुर व साले पर लगाया प्लॉट के पैसे हड़पने का आरोप

हापुड़। गढ़ नगर के एक मौहल्ला निवासी चिकित्सक ने मुख्यमंत्री सहित आला अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजते हुए अपने सास ससुर व साले पर प्लॉट के पैसे हड़पने का आरोप लगाया है। चिकित्सक ने शिकायत में अपनी हत्या की आशंका जताई है। पीड़ित ने आला अधिकारियों से मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराए जाने के साथ-साथ जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। नगर के तहसील रोड़ निवासी डॉ अशोक कुमार ने मुख्यमंत्री सहित आला अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजते हुए बताया कि उसने वर्ष 2007 में उपाध्याय नगर के 120 गज के प्लॉट का एक लाख साठ हजार रूपए का ब्याना दिया था।जिसका उसने बाद में बैनामा अपनी सास सरोज कौर के नाम करा दिया था। बैनामा कराते समय तय पाया गया था कि जब ये प्लॉट आगे बेचा जाएगा तो दोनों को मुनाफे की रकम आधी आधी मिलेगी। पीड़ित चिकित्सक ने बताया कि अब उसके सास ससुर व साले ने धोखाधड़ी से प्लॉट को 17 लाख रूपए में विक्रय कर दिया है तथा उसको कोई पैसा नहीं दिया है। जब उसे प्लॉट विक्रय की बात पता चली तो उसने अपने पैसे मांगे। पैसे मांगने पर सास ससुर व साले उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं तथा उसकी हत्या करने की फिराक में लगे हुए हैं। अब पीड़ित चिकित्सक ने मुख्यमंत्री सहित आला अधिकारियों से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और अपनी जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।







