बंद मकान में मिली बुजुर्ग की सड़ी गली लाश

हापुड़। जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला रामगढ़ी से सटे आनंद विहार के एल ब्लॉक के मकान में एक बुजुर्ग का शव सड़ी गली अवस्था में कमरे में पड़ा हुआ मिला। बुजुर्ग का शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है। शव मिलने की सूचना पर सैंकड़ों की संख्या में मकान के आस-पास लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर मामले की जांच पड़ताल की। मृतक के परिवार के बारे में पुलिस जानकारी करने का प्रयास कर रही है।
दरअसल मोहल्ला रामगढ़ी निवासी होमगार्ड प्रवीन कुमार का मोहल्ले से सटे आनंद विहार एल ब्लॉक में एक मकान है। जिसे मोहल्ला मजीदपुरा निवासी अली मोहम्मद ने डेढ़ वर्ष पहले जिला शाहजहांपुर निवासी मुन्ना खां (60) को किराए पर दिलाया था। मुन्ना खां मकान में अकेले ही रहते थे। जबकि उनका पूरा परिवार कहीं ओर ही रहता था।
मकान स्वामि प्रवीन ने बताया कि मुन्ना खां प्रॉपर्टी का काम करते थे। पिछले करीब दस दिनों से बीमार भी चल रहे थे। करीब चार पांच दिन पहले उनका पुत्र मुन्ना को मोहल्ला चमरी से बाइक पर दवाई भी दिलवाकर लाया था। इतना ही नहीं पांच दिन पूर्व लैपर्ड पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मकान के बाहर सो रहे मुन्ना को अंदर सोने की बात कही थी।
कैसे चला पता
शनिवार की शाम मोहल्ला रामगढ़ी के लोग मकान के पास बंधी अपनी गाय व भैंसों को खोलने के लिए आए थे। इसी बीच उन्हें मकान से बदबू आने लगी। उन्होंने इसकी सूचना मकान मालिक प्रवीन को दी। सूचना पर प्रवीन ने अपने पुत्र को मकान पर भेजा। उनके पुत्र ने मकान के अंदर जाकर देखा कि मुन्ना का शव सड़ी गली अवस्था में पड़ा हुआ है।

मकान में शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा, नगर कोतवाल मुनीष प्रताप सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि बीमारी से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। मृतक के कोई परिवार है या नहीं इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है।







