हत्या करने के इरादे से टोल कर्मी पर कार चढ़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार

हापुड़। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे 9 पर गांव अल्लाबख्शपुर के पास टोल प्लाजा पर कर्मचारी को कार से कुचलने के प्रयास में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। गढ़ कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि वायरल वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि युवक पहले टोल टैक्स देने को लेकर कर्मचारियों से विवाद करता है। मामला बढ़ने पर आरोपी अपनी कार से कर्मचारी को कुचलने का प्रयास करता है। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह स्थिति संभाली, इससे बड़ा हादसा बच गया। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान गोविंद निवासी मनीमाजरा, न्यू इंद्रा कॉलोनी, आईटी पार्क चंडीगढ़ के रूप में हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर शांतिभंग की धाराओं में निरुद्ध किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया है।







