सुर्य देव ने सर्दी से दी राहत, सर्द हवा ने ठिठुरन को बढ़ाया
By:Robin Sharma हापुड़। आसमान साफ होने के बाद क्षेत्र में ठिठुरन भरी ठंड पड़ रही है। सारा दिन सर्द हवा अपना अहसास कराने लगी है। पिछले दो दिनों से ठंड का असर और बढ़ा है, जिसकी वजह से न्यूनतम तापमान लुढ़क गया है। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दिनों हुई असमय बारिश और दिनभर सुबह शाम यह सर्द हवाएं चलने से ठंड बढ़ गई। बृहस्पतिवार को दोपहर में भी लोग ठंड से ठिठुरते रहे। ठंड से बचने के लिए लोगों को धूप का आनंद लेते भी देखा गया। शाम होते ही सर्द हवा चलने लगती है, ये हवा रात भर चल रही हैं इसलिए देर रात तक व्यस्त रहने वाले चौक- चौराहे जल्दी सुने हो जा रहे हैं, मोहल्ले की गलियां भी वीरान हो जाती है। ठंड के कारण कामकाजी भी काम निपटा कर शाम को जल्दी घर पहुंच जाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शाम होते लोगों को अलाव की जरूरत महसूस होने लगी है। ठंड के कारण मोटर साइकल चलाना मुश्किल हो चुका है। चालक सिर से लेकर पैर तक ढंक कर वाहन चला रहे हैं। मौसम में बदलाव की वजह से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह से बदल चुकी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी क्षेत्र में ठंडी हवाएं चल रही है जिसके कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट रही है। सुबह से रात तक गर्म कपड़ों का साथ नहीं छूट रहा है। दिन में भी ठंडी हवाओं का झोंका चल रहा है, सूर्यास्त होते ही सर्द हवाएं लोगों को ठिठुरन से बचने के लिए घरों में दुबकने के लिए मजबूर कर देती हैं।