किसानों को होली से पहले चीनी मिल ने दी मिठास, गतवर्ष का किया संपूर्ण भुगतान

हापुड़। स्थानीय चीनी मिल सिंभावली द्वारा गत पेराई सत्र 2024-2025 का संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान कर दिया गया। कोर्ट द्वारा नियुक्त आई.आर.पी अनुराग गोयल ने बताया कि गत सीजन 2024-2025 में चीनी मिल द्वारा आठ गन्ना समितियो के माध्यम से कुल 114.30 लाख कुन्टल गन्ने की खरीद की गयी थी, जिसका कुल देय रुपये 41604.59 लाख बनता है। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की अंतिम किस्त रुपये 1247.90 लाख मिल द्वारा बृहस्पतिवार को किसानो के खाते में भेज दिये गये है। भुगतान की एडवाईज भी सभी गन्ना समितियो में भेज दी गयी है। चीनी मिल के कार्यपालक अधिकारी एस.एन मिश्रा ने बताया कि वर्तमान पेराई सत्र 2025-2026 का भुगतान भी शीघ्र प्रारम्भ कर दिया जायेगा। उन्होने किसानो से अपील की वह अपना गन्ना इधर-उधर ना डाल कर चीनी मिल में ही आपूर्ति कर अपने बेसिक कोटे को बनाये। मुख्य महा प्रबन्धक, करन सिंह ने बताया कि अधिकांश क्रय केन्द्रो पर बेसिक कोटे एवं अतिरिक्त सटटे के कलैण्डर का अन्तिम पक्ष शीघ्र चलने वाला है अगर किसी किसान भाई को पर्ची सम्बन्धित कोई समस्या है तो चीनी मिल स्टाफ से सम्पर्क कर लें। खडे गन्ने का सर्वे भी हो चुका है जिसे शीघ्र लागू किया जा रहा है।







