सीएचसी प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप
छेड़छाड़ का विरोध करने पर नौकरी छीनने की धमकी दी। पीड़िता ने उच्च अधिकारियों को शिकायत की

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के एक गांव में स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र पर तैनात महिला सीएचओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए है। आरोपी की हरकतों से तंग सीएचओ मानसिक तनाव में चल रही है। पीड़िता ने अब विभागीय उच्च अधिकारियों को शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है। विभागीय अधिकारियों ने मामले की जांच निष्पक्ष कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। मूल रूप से मेरठ जनपद के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि वह गढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत एक गांव में स्थित आयुष्मान अरोग्य केंद्र पर सीएचओ के पद पर तैनात है। पीड़िता ने बताया कि करीब पांच माह से उनके सीएचसी प्रभारी उनके साथ अभद्रता करते आ रहे है। उन्होंने बताया कि माह नवंबर में आरोपी उनके केंद्र पर आए और उनके साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। इसको लेकर उन्होंने शिकायत करने की बात कहीं तो आरोपी ने उनको नौकरी से हाथ धोने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी उन पर फोन कर अनैतिक दवाब बना रहे है। इससे वह मानसिक तनाव में जूझ रही है। पीड़िता ने स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों समेत महिला कल्याण विभाग को भी शिकायत पत्र भेजकर कार्रवाई करने की मांग की है।







