मेरठ-गढ़ मार्ग का मध्य गंग नहर पुल जर्जर, मरम्मत कार्य के चलते रूट डायवर्जन हुआ
हापुड़। तहसील क्षेत्र के गांव दौताई के पास मध्य गंग नहर पर बना पुल 40 साल पुराना होने के कारण जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। पुल की मरम्मत के लिए अधिकारियों ने 15 दिन का समय मांगा है। इस पुल से रोजाना 10 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने पुल की मरम्मत के लिए बैठक ली और पुलिस-प्रशासन और एनएचएआई सहित संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण किया और भारी वाहनों का एक रूट डायवर्जन का प्लान तैयार किया है। यह पुल मेरठ और गढ़, गजरौला, मुरादाबाद क्षेत्र को आपस में जोड़ता है। करीब 40 साल पुराने इस पुल की लंबाई लगभग 70 मीटर और चौड़ाई साढ़े सात मीटर है। काफ़ी पुराना होने के कारण पुल बहुत अधिक जर्जर हालत में है। पुल के बीच में कई जगह पर सुराग (छेद) भी हो गए है। ऐसे में एनएचएआई के अधिकारियों ने पुल को तुरंत बंद करने की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दी है। बृहस्पतिवार को एनएचएआई के पीडी मुरादाबाद अनुज कुमार जैन, एसडीएम साक्षी शर्मा, सिंचाई विभाग के एसडीओ बाबूराम सिंह और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिसका निरीक्षण करने के बाद एनएचएआई के अधिकारियों ने कहा कि मरम्मत कार्य के लिए लगभग 15 दिन का समय लगेगा। ऐसे में रूट डायवर्जन की आवश्यकता है। इसके बाद सभी अधिकारी डीएम कार्यालय पहुंचे और स्थिति की जानकारी दी। डीएम प्रेरणा शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं। और रूट डायवर्जेंट का प्लान तैयार किया गया है। यह पुल गढ़ मेरठ संपर्क मार्ग के अलावा एक दर्जन से अधिक गांवों को आपस में जोड़ता है। शनिवार से पुल की मरम्मत का कार्य शुरू कर रूट डायवर्जन किया गया है। मेरठ मार्ग पर गांव दौताई नहर पुलिया पर मरम्मत कार्य के चलते शनिवार सुबह 6 बजे से 20 मई की शाम 6 बजे तक वाहनों का डायवर्जन इस प्रकार रहेगा।
मेरठ की ओर से गढ़ अमरोहा व मुरादाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहन किठौर से हापुड होते हुए और हल्के वाहन दौताई पुलिया से करीब 500 मीटर पहले बायीं तरफ हसूपुर रोड होते हुए शाहपुर चौधरी पुलिया होते हुए नहर पटरी के रास्ते गढ़मुक्तेश्वर, अमरोहा व मुरादाबाद की ओर जायेंगे। और रोडवेज बसें लोधीपुर सोवन से दाहिनी तरफ मुडकर फत्तापुर, भोवापुर, ब्रहमगढी, बक्सर होते हुए गढ़ अमरोहा व मुरादाबाद की ओर जायेंगी।
गढ़ से मेरठ की ओर जाने वाली रोडवेज बसें नये बाईपास होकर बक्सर पुल की नीचे से बक्सर, ब्रहमगढी, भोवापुर, फत्तापुर, लोधीपुर सोवन होते हुए मेरठ की ओर जायेंगी।
गढ़ से मेरठ की ओर जाने वाले हल्के वाहन दौताई पुलिया (निर्माणाधीन पुलिया) से दाहिनी तरफ नहर की पटरी होते हुए शाहपुर चौधरी पुलिया से बायें हसूपुर रोड होते हुए गढ़ मेरठ मार्ग से मेरठ की ओर जायेंगे।- पुलिस अधीक्षक जनपद हापुड़







