किसान पर गोली चलाने के मामले में सात नामजद समेत 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
हापुड़। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव जखैड़ा के जंगल में खेत से घर लौट से किसान पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने खेत स्वामी की तहरीर पर सात नामजद समेत 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। दिल्ली के मदनपुर खादर गांव निवासी कृष्ण बिधूड़ी ने थाने में तहरीर दी है। जिसने बताया कि गांव जखैड़ा रहमतपुर के जंगल में उसकी जमीन है। उसने अपना खेत गांव भैना निवासी संजीव कुमार को बटाई पर दिया हुआ है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि प्रमोद चौहान, मनोज चौहान, विरेंद्र चौहान, दीपक चौहान, गौरव त्यागी निवासी मवाना जिला मेरठ और महेश, मुकेश सोनी निवासी गांव जखैडा रहमतपुर उसके बटाईंदार संजीव से रंजिश मानते हैं। आरोपी उसकी खेती की जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। जिसे लेकर आरोपी आए दिन उसे और संजीव को नुकसान पहुंचाने में लगे हुए हैं। वहीं षड्यंत्र के तहत 29 मई को शाम करीब 7 बजे खेतों से लौटने के दौरान संजीव कुमार को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सीओ आशुतोष शिवम का कहना है कि तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।







