प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर भुर्जी को निष्कासित करने का प्रस्ताव पारित

हापुड़। नगर क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित सपा के जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष आनंद गुर्जर की अध्यक्षता में मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पीडीए कार्यक्रम और ‘अपना बूथ करो मजबूत’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, लेकिन मुख्य रूप से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर भुर्जी द्वारा पार्टी की छवि खराब करने की कोशिशों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जिला अध्यक्ष आनंद गुर्जर ने बताया कि 25 जुलाई को भुर्जी ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उन्होंने पार्टी कार्यालय के स्टोर रूम में रखी प्रचार सामग्री और बाबा साहेब की तस्वीर को गलत तरीके से पेश किया। स्टोर में ताला लगा था और चाबी जिला प्रभारी और प्रवक्ता संजय सिंह यादव के पास थी। जिला अध्यक्ष की अनुपस्थिति में षड्यंत्र के तहत यह वीडियो बनाया गया। जांच में श्यामसुंदर भुर्जी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। मासिक बैठक में पदाधिकारियों ने उनकी इस पार्टी विरोधी गतिविधि पर कड़ा रोष व्यक्त किया। यह भी सामने आया कि भुर्जी खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी बड़ा मानते हैं और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाकर अवैध रूप से पैसे भी वसूल करते हैं। जिससे पार्टी की छवि धूमिल होती है। इस प्रकार की गतिविधियों को देखते हुए, मासिक बैठक में सर्वसम्मति से श्यामसुंदर भुर्जी को पार्टी से निष्कासित करने की सिफारिश के लिए प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखने का प्रस्ताव पारित किया गया है। बैठक में तेजपाल प्रमुख, ललित सिंह, राजेश यादव, दिनेश तोमर, पदमसिंह जाटव, अशोक यादव और पुरुषोत्तम वर्मा एडवोकेट सहित कई अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।







