Blogउत्तर प्रदेशएक्सक्लूसिव खबरेंहापुड़

संदिग्ध परिस्थितियों में 18 माह के बच्चे की छत से गिरकर मौत, मां पर हत्या का आरोप

By:Robin Sharma

हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा में एक 18 माह के बच्चे की पहली मंजिल से गिरकर मौत हो गई है। यह घटना तब सामने आई जब बच्चे के परिजनों ने उसकी मां पर उसे जानबूझकर छत से फेंकने का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार मजीदपुरा निवासी कबाड़ी वसीम अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता है। परिवार में उसकी पत्नी शबाना, 3 साल की बेटी और 18 महीने का बेटा आहद शामिल थे। पुलिस को शबाना ने बताया कि वह रसोई में काम कर रही थी, तभी खेलते-खेलते आहद छत के किनारे चला गया और वहां से गिर गया। बच्चे को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तो वही मृतक बच्चे की दादी और चाचा ने शबाना पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके परिवार में अक्सर झगड़े होते थे और इसी वजह से शबाना ने बच्चे को जानबूझकर छत से फेंका। हालांकि शबाना ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक दुखद हादसा बताया है। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि बच्चे की मौत एक हादसा थी या इसके पीछे कोई साजिश थी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button