मध्य गंग नहर में बहता मिला तेंदुए का शव
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव झड़ीना नहर में सोमवार की सुबह को एक तेंदुए का शव बहता मिला। शव को देखने के लिए भीड़ एकत्र हो गई। इस दौरान ग्रामीणों ने उसकी वीडियो और फोटो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि तेंदुए के सिर में गोली लगने का निशान था। तेंदुए का शिकार किए जाने की आशंका है। वहीं वन विभाग की टीम ने इस प्रकार की जानकारी होने से इंकार किया है।
सोमवार सुबह को गांव झड़ीना के किसान खेतों से घर लौट रहे थे। जैसे ही गांव गांव के निकट स्थित मध्य गंग नहर किनारे पहुंचे तो उन्होंने देखा कि नहर के पानी में एक तेंदुआ बहता हुआ आ रहा है। तेंदुओं को देखकर ग्रामीण वहीं पर रुक गए। ग्रामीणों की नहर पुल पर भीड़ को देखकर वहां से गुजर रहे अन्य ग्रामीण भी रूक गए। इसी दौरान नहर में बहते हुए तेंदुए को देखकर ग्रामीणों ने उसकी वीडियो बना ली। वीडियो और फोटो को ग्रामीणों ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिए। ग्रामीणों ने बताया कि संभवत्य तेंदुए का किसी ने शिकार किया है और उसकी मौत होने के बाद उसके शव को नहर में फेक दिया है। बता दे कि गढ़ खादर क्षेत्र हस्तिनापुर वन्य जीव जंतु क्षेत्र है। यहां से हस्तिनापुर तक तेंदुए सहित अन्य जंगली जानवार पाए जाते है। गढ़ क्षेत्र के गांवों में तो समय समय पर तेंदुए की चहलकदमी देखी जाती है।
इस बार तेंदुए के शव को मिलने से ग्रामीणों में तरह तरह की बातें हो रही है। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी करण सिंह ने बताया कि विभाग की टीम को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। टीम को नहर पर भेज कर जांच कराई जाएगी। यदि नहर में तेंदुए का शव मिलता है तो उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।