बक्सर पहुंची खाटू श्याम पदयात्रा का किया स्वागत
- रुद्रपुर से खाटूश्याम जा रही है निशान यात्रा - भोजन करने के उपरांत आगे के लिए रवाना हुई यात्रा

हापुड़। उत्तराखंड के रुद्रपुर से खाटू श्याम के लिए चली निशान यात्रा का बक्सर पहुंचने पर लोगों ने स्वागत किया। कुछ देर विश्राम करने के उपरांत यात्रा आगे के लिए रवाना हो गई। रुद्रपुर स्थित गल्ला मंडी स्थित श्री श्याम मंदिर से श्याम बाबा के भक्त राकेश शर्मा के नेतृत्व में श्याम प्रेमियों का एक जत्था निशान यात्रा लेकर राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर के लिए पैदल जा रहा है। रविवार को उनका बक्सर गांव पहुंचने पर दीपू शर्मा सचिन कुमार, सतेंद्र सिंह आदि की मौजूदगी में उनका स्वागत किया गया। इस दौरान राकेश शर्मा ने बताया कि धार्मिक आस्था और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस यात्रा के शुरू होने के मौके पर बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल हो रहे है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की धार्मिक यात्राएं समाज में आपसी भाईचारे, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। उन्होंने बताया कि यह पैदल यात्रा रूद्रपुर से प्रारंभ होकर राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान भक्त श्याम बाबा के जयकारों के साथ भक्ति भाव में लीन रहेंगे और विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होते जाएंगे।







