Blogउत्तर प्रदेशहापुड़

शनिवार को ब्रह्ममुहूर्त तक निरंतर चला शिवालयों में जलाभिषेक

By:Robin Sharma

हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर। भगवान भोले का जलाभिषेक पर्व देर रात में संपन्न होने से हर हर महादेव और बम बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। ब्रजघाट गंगानगरी समेत आवागमन से जुड़े रास्ते और जलाभिषेक वाले मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद चाक चौबंद रही। सावन मास की शिवरात्रि के उपलक्ष्य में शुक्रवार की दोपहर को प्रारंभ हुआ जलाभिषेक पर्व शनिवार के ब्रह्म मुहूर्त में पांच बजे तक निरंतर चलता रहा। इस दौरान ब्रजघाट गंगानगरी के साथ ही दिल्ली लखनऊ नेशनल हाईवे और आवागमन से जुड़े रास्तों समेत मुक्तेश्वर महादेव नक्का कुआं मंदिर गढ़, कल्याणेश्वर मंदिर कल्याणपुर और लाल शिव मंदिर दत्तियाना पर शिवभक्तों की आवाजाही का दौर चलता रहा। जहां गंगोत्री, गोमुख, हरिद्वार, ब्रजघाट समेत विभिन्न तीर्थ स्थलों से कांवड़ लेकर आए शिवभक्तों के परिवारों की महिला और बच्चों समेत परिजन जलाभिषेक होने तक डटे रहे। महिला और बच्चे मंगल गीतों के साथ ही भगवान भोले के भजन गाकर शिवभक्तों का उत्साब बढ़ाते हुए माहौल में चार चांद लगाने में जुटे हुए थे। ब्रजघाट गंगानगरी, आवागमन वाले रास्ते और जलाभिषेक वाले मंदिरों पर रातभर हर हर महादेव और बम बम भोले के जयकारे गूंजने से वातावरण पूरी तरह शिवमई रंग में डूबा रहा। रात के समय मंदिरों पर पहुंचने के साथ ही जलाभिषेक कर लौट रहे शिवभक्तों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह चौकन्नी होकर संदिग्धों पर पैनी नजर रखने में जुटी रही। एसडीएम साक्षी शर्मा, तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार पवन कुमार, वेदप्रकाश सोनी, सीओ आशुतोष शिवम, इंस्पेक्टर मुनीष प्रताप, अतिरिक्त नरेश कुमार धीमान गढ़, अरविंद चौधरी बहादुरगढ़, पियूष कुमार, अतिरिक्त इंस्पेक्टर विनोद पांडेय सिंभावली, ब्रजघाट चौकी प्रभारी इंद्रकांत यादव जलाभिषेक पर्व संपन्न होने तक अपने क्षेत्रों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने में जुटे रहे।

Related Articles

Back to top button