Blogउत्तर प्रदेशएक्सक्लूसिव खबरेंहापुड़

64 लाख लूटने वाले पांच लुटेरे पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

By:Robin Sharma

हापुड़। पिलखुआ कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने 31 जनवरी को हुई चावल व्यापारी से 64 लाख रुपये की लूट का खुलासा कर घायल समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने लूट की रकम 44.33 लाख रुपये, दो बाइक, एक स्कूटी, सात मोबाइल फोन, तमंचा समेत अन्य सामान बरामद किया। गिरफ्तार करने वाली टीम को एसपी कुवंर ज्ञानंजय सिंह ने 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर उनको सम्मानित किया है। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय पर घटना का खुलासा कर एसपी कुवंर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार अल सुबह स्वाट टीम को सूचना मिली कि सिखेड़ा बंबे से दो बाइक और स्कूटी पर सवार होकर बदमाश आने वाले है।

सूचना मिलते ही स्वाट टीम प्रभारी पारस मलिक ने पिलखुआ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान को सूचना दी। जिसके बाद दोनों ही टीमों ने संदिग्धों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान बाइक और स्कूटी पर सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जिसको घायलवस्था में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश की पहचान जिला गौतमबुद्धनगर थाना रबूपुरा के गांव तीर्थली निवासी रईस के रूप में हुई है। वहीं जिला गाजियाबाद थाना मुरादनगर सहसवा बस्ती निवासी दानिश, दिल्ली थाना कल्याणपुरी के त्रिलोकपुरी निवासी जुनैद, जिला गौतमबुद्धनगर थाना रबूपुरा के गांव तीर्थली निवासी सरफराज और जिला हापुड़ थाना सिंभावली के गांव खागोई निवासी रौनक अली हैं। एसपी कुवंर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि आरोपी रईस पर जिला गाजियाबाद में चोरी, लूट समेत तीन मुकदमे और दानिश के खिलाफ जिला गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद में चोरी, लूट समेत सात मुकदमे दर्ज है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उनको 14 दिन की रिमांड पर जेल भेजा गया है। लूट के रुपये से खरीदे तीन मोबाइल फोन एसपी कुवंर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि 31 जनवरी को दिनदहाड़े लखनऊ दिल्ली हाईवे पर व्यापारी से 64 लाख रुपये लूट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने 2.94 लाख रुपये के मोबाइल फोन को खरीद लिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी रौनक अली ने डेढ़ महीने तक व्यापारी की रेकी की और इसके बाद अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना को बनाया था। तीन वाहनों का उपयोग कर दिया था अंजाम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम देने के लिए तीन वाहनों का उपयोग किया था। जिसके बाद व्यापारी को टक्कर मारी और तमंचे से गोली चलाकर 64 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए थे।

20 किलोमीटर हाईवे पर दौड़े बदमाश, नहीं लगी भनक

लखनऊ दिल्ली हाईवे सबसे व्यस्त रहता है। इस हाईवे पर नेताओं समेत वीआईपी लोग आवागमन करते हैं, इसके बाद भी 31 जनवरी की दोपहर दिनदहाड़े बदमाशों ने हथियार के बल पर व्यापारी राकेश से 64 लाख रुपये से भरा बैग लूटा और गाजियाबाद की तरफ हाईवे पर दौड़ते रहे। करीब 20 किलोमीटर तक बदमाशों को रोकने के लिए पुलिस ने कोई कदम तक नहीं उठाया। दिन रात चेकिंग का ढोंग रचने वाली हाई टैक पुलिस की पोल को खोल दिया था। राजस्थान डाणी पाटन सीकर निवासी राकेश सिंह धान व चावल व्यापारी है। फिलहाल वह दिल्ली के केशवपुरम में रह रहे हैं। 31 जनवरी की सुबह हापुड़ से पार्टनर वैभव से 64 लाख रुपये लेकर वापस दिल्ली व्यापारियों को देने जा रहे थे। उस दौरान लखनऊ दिल्ली हाईवे पर स्कूटी सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर रोक लिया और फायरिंग कर उनसे 64 लाख रुपये से भरा बैग लूट कर फरार हो गए थे। बदमाश लूट के बाद गाजियाबाद तक पहुंच गए। इस बीच पुलिस की छिजारसी टोल प्लाजा, मसूरी कट, पेरीफेरल समेत अन्य स्थानों पर चेकिंग होती है, लेकिन एक स्कूटी पर तीन बदमाशों को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही। जिससे वह आसानी से अपने ठिकाने पर पहुंच गए थे।

Related Articles

Back to top button