बेखौफ चोरों ने भगवान के घर को भी नहीं छोड़ा
अपना शहर गढ़मुक्तेश्वर

– दो मंदिरों में लगे 11 घंटे घडियाल ले उड़े
– पुलिस को भनक तक नहीं लग पाई
– ग्रामीणों में रोष व्याप्त, खुलासा न होने पर घेरेंगे थाना
By:Robin Sharmaहापुड़। लोगों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ करने वाले बेखौफ चोरों ने भगवान के घर में भी वारदात कर डाली, जिससे रोष व्याप्त होने पर ग्रामीणों ने जल्द धरपकड़ न होने पर थाना घेरने की चेतावनी दी है। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भदस्याना के बाहरी छोर पर स्थित सर्व हितैषी इंटर कॉलेज के पास बने शनिदेव मंदिर में शनिवार की रात को चोरों ने धावा बोल दिया। जो ताले तोडकर वहां लगे आठ घंटे घडिय़ाल चोरी कर ले गए। परंतु इसके बाद भी चोरों का हौंसला नहीं टूट पाया, जिन्होंने थोड़ी दूर पर स्थित मां काली मंदिर में पहुंचकर वहां लगे ताले तोड़ लिए। बेखौफ चोरों ने काली मंदिर में लगे तीन घंटे घडियाल घंटे चोरी कर लिए। तडक़े में पुजारी समेत ग्रामीण पूजा अर्चना करने पहुंचे तो ताले टूटे देख मंदिरों में हुईं चोरी की वारदात का पता लग पाया। विक्रम सिंह, अनुज, रोहताश, विनोद ने बताया कि गत वर्षों के दौरान शरारती तत्वों द्वारा उक्त दोनों ही मंदिरों में देवी देवताओं की मूर्ति खंडित करते हुए चोरी की वारदात कर दी थीं। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों मंदिरों से महज ढाई सौ मीटर दूरी में भदस्याना तिराहे पर डायल 112 पुलिस की गाड़ी खड़ी रहती है, परंतु चोरों द्वारा घंटों तक की गई वारदात के दौरान पुलिस को कोई भनक तक नहीं लग पाई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही चोरों की धरपकड़ कर मंदिरों से चोरी घंटे बरामद नहीं किए गए तो विरोध में थाने का घेराव कर बेमियादी धरने पर बैठेंगे। इंस्पेक्टर धीरज मलिक का कहना है कि चोरों की सुरागरसी कराई जा रही है, जिन्हें बहुत जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







