कार्तिक मेले से पहले अतिक्रमण ने बढ़ाई अफसरों की टेंशन, लाखों श्रद्धालुओं को होगी परेशानी

गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ खादर क्षेत्र में गंगा किनारे हर वर्ष लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले का आगाज शुरु हो गया हैं। गंगा मेले में लिए जाने वाले नक्का कुंआ मार्ग से लेकर नगर के मुख्य रास्ते मेरठ मार्ग, स्टेशन मार्ग, मीरा रेती, स्याना मार्ग सहित बड़े स्तर पर सड़क किनारों पर अतिक्रमण फैला हुआ है। जिससे वाहन चालकों को भारी मुश्किल से जूझना पड़ रहा है जबकि राहगीरों को सड़कों पर पैदल चलना तक दुश्वार हो रहा है। मेरठ मार्ग और पुराने दिल्ली रोड के किनारे धान की आढ़तें खुली हैं। लोग सड़क पर ही धान खरीद और बेच रहे हैं और वहीं पर बड़े-बड़े ट्रक लगाकर वाहनों को लोड कर रहे हैं, जिससे एक-एक घंटे तक जाम में गाड़ियां फंसी रहती हैं। गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले से पहले मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण एक बड़ी समस्या बन गया है। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन से पहले सड़कों पर फैले इस अतिक्रमण से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर के मेला मार्ग, मेरठ मार्ग, स्टेशन मार्ग, नक्का कुआं मार्ग, मीरा रेती और स्याना मार्ग सहित प्रमुख रास्तों और चौराहों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण फैला हुआ है। इससे सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, वहीं वाहनों की आवाजाही में भी बाधा आ रही है।
मेरठ मार्ग और पुराने दिल्ली रोड के किनारे धान की आढ़तें खुली हैं, जबकि स्याना रोड पर मिस्त्रियों की दुकानों के आसपास हर समय वाहन खड़े रहते हैं। मेले को देखते हुए होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने भी अपने प्रतिष्ठानों को आगे बढ़ा दिया है, जिससे सड़कें और संकरी हो गई हैं।
इन रास्तों पर वाहन चालकों को बेहद सावधानी से गाड़ी चलानी पड़ती है, क्योंकि थोड़ी सी भी असावधानी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस-प्रशासन की ढिलाई के कारण ब्रजघाट के मुख्य बाजारों से भी अतिक्रमण नहीं हट पाया है। दीपावली का पर्व भी हो गया है, अब खादर में लगने वाले देहाती मेले में भी श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा।
लाखों श्रद्धालु इन्हीं रास्तों से होकर मेले में पहुंचते हैं, लेकिन अभी तक अतिक्रमण जैसी गंभीर समस्या से निपटने के लिए कोई प्रभावी रणनीति तैयार नहीं हो पाई थी।
इस संबंध में एसडीएम श्रीराम यादव ने बताया कि नगर पालिका और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की एक संयुक्त टीम बनाकर नगर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है, जल्दी ही अतिक्रमण की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।







