डीएम ने जन चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

हापुड़। डीएम अभिषेक पांडेय ने गढ़मुक्तेश्वर विकासखंड की ग्राम पंचायत भगवती उर्फ लिसडी में एक जन चौपाल लगाई। इस चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जन चौपाल में ग्रामीणों ने कब्रिस्तान के लिए ज़मीन, नालियों और गलियों में पानी का जमाव, पेंशन और किसान सम्मान निधि का लाभ न मिलने जैसी को उठाया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इन सभी समस्याओं के जल्द समाधान के लिए निर्देशित किया। उन्होंने गाँव में खेल के मैदान की जानकारी भी ली। जन चौपाल में एक ग्रामीण अजहरुद्दीन ने बताया कि उनकी गली में बिजली के तार नंगे लटके हैं, जिससे बरसात में करंट फैलने का खतरा रहता है। इस पर डीएम ने बिजली विभाग के अभियंता को तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया। इसके अलावा माटी कला के तहत पट्टा उपलब्ध कराने की मांग पर डीएम ने पट्टा नंबर 72 की जांच करके पट्टा देने के निर्देश दिए। जन चौपाल में अर्चना नामक महिला ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद उसे किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल रहा है। डीएम ने उसे इस योजना का लाभ दिलाने के साथ-साथ उसके बच्चों को भी स्कॉलरशिप दिलाने का आश्वासन दिया। डीएम ने एक गरीब छात्र कालू को पढ़ाई में मदद के लिए एक स्मार्टफोन देने का निर्देश दिया। साथ ही प्रियंका को स्वयं सहायता समूह के माध्यम से प्रशिक्षण देकर उसके रोजगार को बढ़ावा देने के लिए भी निर्देश दिए गए। चौपाल के अंत में जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान से उन परिवारों की सूची मांगी, जिनके माता-पिता की मृत्यु कोरोना काल में हुई थी, ताकि उनके बच्चों को भी स्कॉलरशिप योजना का लाभ मिल सके।







