एसआईआर: विशेष पुनरीक्षण अभियान का डीएम ने किया निरीक्षण
अपना शहर गढ़मुक्तेश्वर

●एसआईआर से संबंधित त्रुटि होंगी दुरुस्त- डीएम अभिषेक पाण्डेय
●नहीं होगी कोई दिक्कत, संबंधित फार्म भरवाए जाएंगे
By:Robin Sharmaहापुड़।एसआईआर से संबंधित विशेष पुनरीक्षण अभियान का बड़ी बारीकी से निरीक्षण कर डीएम ने कोई भी ढिलाई अथवा लापरवाही न होने को लेकर कड़ी हिदायत दी। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशन में वोटर लिस्ट को पूरी तरह नीट एंड क्लीन करने को एसआईआर प्रक्रिया चलाई जा रही है, जिसमें मुख्य रूप से अवैध मतदाताओं की छंटनी करने के साथ ही मृतक एवं अपात्रों के नाम भी काटे जा रहे हैं। इस प्रक्रिया का असल उद्देश्य से बोगस मतदाताओं को वोटर लिस्ट से बाहर का रास्ता दिखाना है। परंतु दूसरी ओर संबंधित कर्मचारियों द्वारा बरती जा रहीं कई खामियों के चलते पात्र मतदाताओं को भी अनावश्यक दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। जिसका संज्ञान लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने एसआईआर प्रक्रिया की समय अवधि एक माह बढ़ा दी गई थी, जिसको लेकर रविवार को विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। डीएम अभिषेक पांडेय ने गढ़ ब्रजघाट गंगानगरी समेत देहात अंचल में कई बूथों का दौरा कर विशेष अभियान की बड़ी गहनता से जांच पड़ताल की। उन्होंने एसआईआर से संबंधित त्रुटियों को ठीक करने के लिए वोटरों से फार्म भरवाकर सभी औपचारिकता पूरी करने का कड़ा निर्देश दिया। डीएम ने एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों की कोई भी ढिलाई अथवा लापरवाही सामने आने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी।







