खेत की बाउंड्री को लेकर विवाद, भाजपा नेता के साथ मारपीट का आरोप
अपना शहर गढ़मुक्तेश्वर

●खेत की बाउंड्री को लेकर विवाद में तीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
By:Robin Sharmaहापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र में खेत की बाउंड्री को लेकर हुए विवाद में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरोड़ा मोड़ निवासी भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष नेता दीपक भाटी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका एक खेत नए बाईपास सर्विस रोड सिंभावली में स्थित है। तीन मार्च को उन्होने अपने खेत की रेडीमेड बाउंड्री कराने के लिए मजदूर भेजे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत मालिक नत्थू सिंह निवासी ग्राम बढ़डा ने मजदूरों को गाली-गलौज कर बाउंड्री का काम रुकवा दिया। जब उन्होंने फोन कर इसका कारण पूछा तो आरोपी ने बाउंड्री नहीं होने देने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। बाद में बाउंड्री का कार्य करा दिया गया, लेकिन नौ मार्च की सुबह जब वह अपने ड्राइवर अमित और साथी रिजवान के साथ खेत पर बाउंड्री देखने पहुंचा तो नत्थू सिंह और उसके पुत्र पवन व सोनवीर बाउंड्री तोड़ते मिले।विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि नत्थू सिंह ने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की, जबकि उसके दोनों बेटों ने भी मारपीट की। शोर सुनकर ड्राइवर अमित और साथी रिजवान मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बचाया। इस दौरान आरोपी पवन ने तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी और जब पीड़ित अपनी जान बचाकर गाड़ी की ओर भागने लगा तो उस पर फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।घटना के बाद दीपक भाटी ने थाने में तहरीर देकर नत्थू सिंह, पवन और सोनवीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







