सावन की शिवरात्रि पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, कांवड़ियों ने किया भोले बाबा का जलाभिषेक
हापुड़। शिव रात्रि के उपलक्ष्य में विभिन्न तीर्थों से कांवड़ भरकर सैकड़ों मील की पदयात्रा कर लौटे लाखों शिवभक्तों ने अपने निकटतम शिवालयों में धार्मिक रीति रिवाज के बीच वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर पुण्यार्जित किया। सावन मास की शिवरात्रि का जलाभिषेक पर्व शुक्रवार की दोपहर में 3.44 बजे प्रारंभ हुआ। गंगोत्री, हरिद्वार, गौमुख और ब्रजघाट समेत विभिन्न तीर्थ स्थलों पर गंगा जल से कांवड़ भरकर सैकड़ों मील की पदयात्रा कर लौटे लाखों शिवभक्तों ने गुरुवार की देर रात को ही अपने निकटतम शिवालयों के बाहर पड़ाव डाल लिया था। शिवरात्रि के उपलक्ष्य में व्रत रखने वाले लोटा जल से जुड़े भक्तों का दोपहर होने से पहले शिवालयों में तांता लगना प्रारंभ हो गया था, जिन्होंने पूजा अर्चना करते हुए भगवान भोले का जलाभिषेक करना प्रारंभ कर दिया था। हालांकि पंचांग के अनुसार शिवरात्रि का जलाभिषेक पर्व दोपहर में 3.44 बजे प्रारंभ होते ही कांवडिय़ों का सैलाब उमड़ पड़ा। गढ़ के पौराणिक मुक्तेश्वरा महादेव नक्का कुआं, कल्याणपुर के कल्याणेश्वर और दत्तियाना के लाल शिव मंदिर पर जलाभिषेक करने वाले कांवड़ियों की लंबी लाइन लगी हुई हैं, जो मंदिर प्रबंधन समितियों द्वारा संभावित अफरा तफरी को रोकने के उद्देश्य से कराई हुई बैरिकेडिंग के कारण पंक्तिबद्ध ढंग खड़े होकर अपनी बारी आने पर ही आगे बढ़ रहे हैं। मुक्तेश्वर महादेव नक्का कुआं मंदिर के मुख्य महंत बरहागिरि महाराज, श्री भद्रकाली मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित रमाशंकर तिवारी, कथा वाचक पंडित विनोद शर्मा शास्त्री ने बताया कि बड़ी तादाद में कांवड़ियों की भीड़ मंदिरों पर जुटी हुई है, जिसके कारण जलाभिषेक पर्व देर रात तक निरंतर चलता रहेगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार की दोपहर से लेकर शुक्रवार की दोपहर तक ब्रजघाट गंगा से डेढ़ लाख से भी अधिक कांवड़ उठने का अनुमान है। एसडीएम साक्षी शर्मा का कहना है कि सावन माह के दौरान शिवरात्रि के उपलक्ष्य में ब्रजघाट गंगा से पांच लाख से भी अधिक कांवड़ उठने का अनुमान है।
कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अफसर लगातार निगरानी करने में जुटे रहे
एसडीएम साक्षी शर्मा, सीओ आशुतोष शिवम, तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार पवन कुमार, वेदप्रकाश सोनी, इंस्पेक्टर मुनीष प्रताप सिंह, अतिरिक्त इंस्पेक्टर नरेश कुमार धीमान, ब्रजघाट चौकी इंचार्ज इंद्रकांत यादव, सिंभावली थाना प्रभारी पियूष और बहादुरगढ़ इंस्पेक्टर अरविंद चौधरी अपने क्षेत्रों में गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने में जुटे रहे। जलाभिषेक पर्व के मद्देनजर नक्का कुआं, कल्याणेश्वर और लाल मंदिर दत्तिायाना पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी तादाद में पुलिस तैनात रही। कांवडिय़ों के आवागमन से जुड़े संपर्क मार्गों पर तैनात पुलिस संदिग्धों पर नजर रखते हुए शिवभक्तों की मदद करने में भी जुटी हुई थी।
पुलिस और प्रशासन से जुड़े अफसरों ने भी किया जलाभिषेक
सावन मास की शिव रात्रि के उपलक्ष्य में एसडीएम साक्षी शर्मा, तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह, सीओ आशुतोष शिवम, इंस्पेक्टर मुनीष प्रताप सिंह, अरविंद चौधरी, पियूष कुमार, नरेश कुमार धीमान, विनोद कुमार पांडेय, ब्रजघाट चौकी प्रभारी इंद्रकांत यादव ने गढ़ के नक्का कुआं, कल्याणपुर के कल्याणेश्वर और दत्तियाना के लाल शिव मंदिर में वैदिक रीति रिवाज के बीच भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग में संपन्न होने पर भगवान भोले का आभार भी जताया। एसडीएम और सीओ ने बताया कि जलाभिषेक पर्व के दौरान होने वाली संभावित अफरा तफरी को रोकने के उद्देश्य से मंदिरों पर बैरिकेडिंग भी कराई हुई थी, जिसके चलते शिवभक्तों द्वारा पूरे अनुशासन के साथ पंक्तिबद्ध ढंग में खड़े होकर अपनी बारी आने के बाद ही भगवान भोले का जलाभिषेक किया गया है।