वर्ल्ड पीस हार्मोनी संगठन के चेयरमैन ने आसिफ के कातिलों को फांसी दिलाने की मांग की

हापुड़। कारपेंटर आसिफ की हत्या को कायरतापूर्ण घटना की संज्ञा देते हुए वर्ल्ड पीस हार्मोनी संगठन के चेयरमैन ने पीएम और सीएम से कातिलों को फांसी दिलाने के साथ ही उनके घरों पर बुलडोजर चलवाकर मृतक आश्रित परिजनों को पांच करोड़ का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग उठाई। वर्ल्ड पीस हार्मोनी संगठन के चेयरमैन हाजी शकील सैफी ने दुबई से वीडियो संदेश भेजा है, जिसमें सिंभावली के युवा कारपेंटर आसिफ की हत्या को कायरतपूर्ण घटना की संज्ञा देते हुए कड़ी निंदा की गई है। हाजी शकील सैफी ने पीएम मोदी और सीएम योगी से सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास वाले सिद्धांत के आधार पर कातिलों को फांसी दिलाने के साथ ही उनके घरों पर बुलडोजर चलवाने की मांग की है। मृतक आश्रित परिवार को पांच करोड़ के मुआवजे के साथ ही एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग भी की है। हाजी शकील सैफी ने घटना के छह दिन बाद भी तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताते हुए इसे सिंभावली पुलिस की ढिलाई और लापरवाही का स्पष्ट प्रमाण बताया है। उन्होंने समाज के लोगों को भरोसा दिया है कि जल्द ही दुबई से लौटकर सिंभावली का दौरा करेंगे, जहां मृतक के परिजनों समेत बिरादरी से जुड़े लोगों के साथ वार्ता कर आसिफ हत्याकांड में आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर व्यापत रणनीति तैयार की जाएगी।







