कार्तिक पूर्णिमा मेले में भैंसा दौड़ पर लगा प्रतिबंध
गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़। खादर में कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले मेले में भैंसा दौड़ कराने वालों को अबकी बार बक्सा नहीं जायेगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी प्ररेणा शर्मा ने भैंसा दौड़ पर प्रतिबंध लगा दिया है। डीएम ने पुलिस, पशु चिकित्साधिकारी और सभी एसडीएम को कड़ाई से इस आदेश का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर गढ़मुक्तेश्वर में एतिहासिक गंगा मेला लगता है। देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां भाग लेने के लिए आते हैं। गढ़ मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु भैंसा बुग्गी में सवार होकर आते हैं। भैंसों को ग्रामीण कई माह पहले ही खानपान बेहतर करके मेले के लिए तैयार करते हैं। ताकि रास्ते में भैंसा आसानी से सफर तय कर सकें। खादर मेले में और रास्ते में गांव के ही लोग आपस में भैंसा दौड़ की शर्त लगा लेते हैं, जिसमें कई बार हादसा भी हो जाता है। न्यायालय ने भी भैंसा दौड़ पर प्रतिबंध लगा रखा है।
दुर्घटनाओं का बढ़ जाता है खतरा
गंगा मेले के दौरान जहां लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते हैं, वहीं बड़ी संख्या में दौड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं। इसमें भैंसा बुग्गी दौड़ प्रमुख है। बड़ी संख्या में ग्रामीण इसमें हिस्सा लेते हैं। बाइक सवारों का रैला भी इस दौड़ के साथ चलता है और खूब हुड़दंग भी होता है। सड़क पर दौड़ के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। पिछले सालों में ऐसी प्रतियोगिताएं भी खूब हुई और इस दौरान दुर्घटनाएं भी हुई। हालांकि पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने ऐसे मामलों में पहले कार्रवाई भी की है।
कड़ी निगरानी में हो आदेशों का पालन
अब जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा ने कार्तिक पूर्णिमा में आने वाले भैंसा बुग्गी पर रोक लगा दी है। इसके – लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ साथ उप जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जिसका सख्ताई से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
मेले को सफल बनाने में जुटे अफसर
तीर्थनगरी गढ़मुक्तेश्वर खादर में लगने वाले कार्तिक मेले की अपनी अलग ही पहचान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह सबसे बड़ा मेला होता है, जो करीब पांच किलोमीटर से भी ज्यादा क्षेत्रफल में इस मेले में उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि समूचे देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते हैं। आपको बता दें कि गढ़मुक्तेश्वर में लगने वाले इस मेले की शुरूआत दीपावली होने के बाद से ही हो जाती है। मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने अपनी रणनीति अभी से बनानी शुरू कर दी है।