सड़क पर अवैध मंडी लगा रही रफ्तार पर ब्रेक

हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर। अति व्यस्तम गढ़-चौपला से मेरठ और पुराने दिल्ली रोड किनारे दोनों तरफ आढ़तियों ने अवैध मंडी बना डाली है। सड़क पर ही धान की खरीद-फरोख्त के साथ-साथ लोडिंग-अनलोडिंग वहां से गुजरने वाले लोगों के लिए दिक्कतों का सबब बन गया है। वाहनों के लिए रास्ता संकरा हो गया और लोगों की सेहत पर भी असर पड़ने लगा है। जानकारी के अनुसार, इस मार्ग के दोनों तरफ दिन निकलते ही धान की फड़ लग जाती हैं जो देर शाम तक चलती है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत वेस्ट यूपी के राइस मिलों को भी यहां से धान सप्लाई हो रही है। इसके चलते सड़क पर खड़े आड़े-तिरछे वाहन जाम का कारण बन रहे हैं। सुबह के समय इस मार्ग पर लगने वाले जाम से स्टूडेंट्स को भारी परेशानी झेलनी पड़ती हैं। इसके अलावा अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली से मेरठ जाने वाले मरीज भी जाम में फंस जाते हैं। सड़क के किनारे दो सौ से भी अधिक निजी आढ़त संचालित हो रही हैं। इसके जरिए प्रतिदिन करीब 20 हजार क्विंटल से भी अधिक धान की खरीद-बिक्री की जा रही है। धान लेकर आने वाले वाहनों से दिनभर उड़ने वाली धूल के गुब्बार आसपास में रहने वाले परिवार और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गीता, अनीता, पिंकी त्यागी का कहना है कि दिन में कई बार झाड़ू-पोंछा करने के बाद भी घरों में धूल भरे रहते हैं। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर आनंद मणि का कहना है, कि वातावरण में हर समय धान से जुड़ी धूल उड़ना गंभीर समस्या है। इसकी रोकथाम न होने से आसपास में रहने वाले लोग श्वास के मरीज हो सकते हैं।
क्या कहते हैं, अधिकारी
सड़क किनारे धान की खरीद-बिक्री और माल की लोडिंग गंभीर मामला है। इसकी रोकथाम को शीघ्र ही जांच पड़ताल कराकर बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।- साक्षी शर्मा, एसडीएम गढ़