गृह क्लेश के चलते युवक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

गढ़मुक्तेश्वर/हापुड़। शादी के महज 4 महीने बाद ही एक 32 वर्षीय युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर रुस्तमपुर गांव में हुई, जहाँ पारिवारिक कलह को आत्महत्या का कारण बताया जा रहा है।मृतक की पहचान हारिश, पुत्र राशिद खान के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात करीब 1 बजे हारिश ने अपने दादा की लाइसेंसी बंदूक से खुद को कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल ले गए। गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ रेफर किया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बहादुरगढ़ थाना प्रभारी मनोज कुमार बालियन ने बताया कि युवक ने पारिवारिक विवाद के कारण यह कदम उठाया।
हारिश की शादी इसी साल अप्रैल महीने में बिजनौर की एक लड़की से हुई थी। शादी के बाद से ही वह कथित तौर पर तनाव में रहने लगा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच कर रही है। इस घटना से पूरे परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।







