पुलिस की मौजूदगी में मंदिरों में हुआ रूद्राभिषेक
गंगा मैया की महाआरती में उमड़ी भक्तों की भीड़

हापुड़। फाल्गुन मास की महाशिव रात्रि के उपलक्ष्य में लाखों कांवडिय़ों समेत शिवभक्तों ने क्षेत्र के प्रसिद्ध मंदिरों में भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर पुण्यार्जित किया। फाल्गुन मास की त्रियोदशी समाप्त होने के उपरांत रविवार की देर शाम में पांच बजे के बाद पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक करने का सिलसिला प्रारंभ हुआ, जो रात होने के बाद भी निरंतर चलता रहा। हरिद्वार और ब्रजघाट से कांवड़ में गंगा जल लाने वाले शिवभक्तों ने बम बम भोले और हर हर महादेव के जयकारों के बीच पौराणिक गढ़ गंगानगरी के मुक्तेश्वर महादेव नक्का कुआं मंदिर, कल्याणपुर के कल्याणेश्वर मंदिर और सिंभावली क्षेत्र के गांव दत्तियाना के प्राचीन शिव लाल मंदिर समेत आसपास समूचे क्षेत्र से जुड़े शिवालयों में पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
इस दौरान जयकारे गूंजने से समूचे क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह शिवमई रंग में परिवर्तित हो उठा। कांवडिय़ों के अलावा भी महिला बच्चों समेत लोटा जल वाले शिवभक्तों ने भी बड़ी संख्या में पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पुण्यार्जित किया। मंदिरों पर बैरिकेडिंग होने से जलाभिषेक का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग में संपन्न हो गया। कांवड़ यात्रा के साथ ही जलाभिषेक पर्व शांतिपूर्ण ढंग में संपन्न होने से स्थानीय पुलिस प्रशासन समेत क्षेत्रीय लोग और मंदिर प्रबंधन समितियों ने राहत की सांस ली है। अंतिम दिन भी हजारों कांवड़ उठीं, जलाभिषेक पर्व संपन्न होने तक संपर्क मार्गों पर पुलिस गश्त करती रही। फाल्गुन मास की महाशिव रात्रि के उपलक्ष्य में रविवार को अंतिम दिन भी दोपहर में तीन बजे तक ब्रजघाट गंगा से कांवड़ उठाने का सिलसिला चलता रहा, हालांकि बाहरी जनपदों की बजाए अंतिम दिन गढ़-ब्रजघाट समेत आसपास के गांवों से जुड़े शिवभक्तों ने ही कांवड़ उठाई। वहीं जलाभिषेक पर्व संपन्न होने तक श्रीराम सिंह, सीओ स्तुति सिंह, तहसीलदार राहुल सिंह, इंस्पेक्टर देवेंद्र बिष्ट, ब्रजघाट चौकी इंचार्ज इंद्रकांत यादव, स्याना चौपला चौकी इंचार्ज मनीष बालियान, झड़ीना चौकी इंचार्ज अंकित कुमार,सिंभावली इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, बहादुरगढ़ इंस्पेक्टर धीरज मलिक अपने क्षेत्रों में जलाभिषेक पर्व संपन्न होने तक सडक़ों पर गश्त के साथ ही जलाभिषेक वाले मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था को परखते रहे।
पुलिस की मौजूदगी में मंदिरों में हुआ रूद्राभिषेक
महाशिवरात्रि पर्व पर ब्रजघाट के महामृत्युंजय धाम में रविवार को महामृत्युजय यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें आचार्यों द्वारा कराए गए मंत्रोच्चारण के बीच ब्रह्मचारियों और श्रद्धालुओं ने आहूतियां देकर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। जिसके बाद ब्रजघाट में प्रभात फेरी और 151 महिलाओं द्वारा मंगल कलश यात्रा निकाली गई। जिसका शुभारंभ धाम संचालक ने किया। कलश यात्रा के पश्चात भंडारे का आयोजन कर प्रसाद का वितरण किया गया। देर शाम महामृत्युंजय धाम में रूद्राभिषेक कर महाआरती का भी विभिन्न मंदिरों में भी भक्तों ने रूद्राभिषेक कर भगवान आशुतोष को प्रसन्न किया।
गंगा मैया की महाआरती में उमड़ी भक्तों की भीड़ फाल्गुन मास की महाशिव रात्रि के उपलक्ष्य में रविवार की रात को ब्रजघाट तीर्थनगरी में गंगा मैया की महाआरती का आयोजन हुआ। जिसमें देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और क्षेत्र समेत पश्चिमी यूपी से जुड़े जनपदों के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गंगा मैया की पूजा अर्चना कर विश्व शांति, मानव कल्याण और देश में खुशहाली की कामना की। आरती समिति अध्यक्ष पंडित अशोक नागर, महामंत्री विष्णु दत्त नागर, संचालक कपिल शर्मा, श्री गंगा सेवा समिति अध्यक्ष विनय मिश्रा ने गंगा मैया की जलधारा को फिर से अविरल और निर्मल बनाने को चलाई जा रही मुहिम में बढ़ चढक़र भागीदार बनने का आह्वान किया।







