एक महीने बाद भी नहीं हुआ पिंटू हत्याकांड का खुलासा, पुलिस के हाथ खाली

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के गांव मानकचौक में किसान की गोली मारकर की गई हत्या को लगभग एक महीना बीत चुका हैं, लेकिन पुलिस अभी तक हत्यारोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। इससे ग्रामीणों में पुलिस की जांच को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। 20 सितंबर की रात गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव मानकचौक निवासी किसान पींटू (50) को अज्ञात लोगों ने फोन कर गांव में ही उसके नीबू के खेत पर बुलाया था। जब वह वहां पहुंचा तो हमलावरों ने नजदीक से गोली मार दी। गोली उसके गले से आर-पार हो गई। परिजन और ग्रामीण गंभीर हालत में उसे गढ़ से मेरठ अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान एक सप्ताह बाद उसकी मौत हो गई।हत्या को अब एक महीना होने को हैं, लेकिन पुलिस अब तक न तो किसी आरोपी की पहचान कर पाई है और न ही कोई ठोस सुराग जुटा सकी है। पुलिस की कई टीमें गांव और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर चुकी हैं, परंतु हत्या के पीछे का कारण अब भी स्पष्ट नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस केवल कागजी कार्रवाई में जुटी है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर मनोज बालियान का कहना है कि हत्या के मामले में जांच जारी है। कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







