लकड़ी टाल-अस्थायी दुकान फिर से मकड़जाल बिछा रहीं, शमशान घाट के सुंदरीकरण कार्य में उत्पन्न हो रही बाधा
डीएम की हिदायत पर कार्रवाई करने वाला पालिका प्रशासन साध रहा चुप्पी

गढ़मुक्तेश्वर/हापुड़। ब्रजघाट गंगानगरी के अंत्येष्टि स्थल पर कुछ दिन बाद ही फिर से लकड़ी की टाल समेत अस्थाई दुकानों का मकड़जाल बिछने लगा है, जिससे सुंदरीकरण कार्य में बाधा उत्पन्न होने के साथ ही दिवंगतों का दाह संस्कार करने आने वालों को खूब दिक्कत झेलनी पड़ रही हैं। मुक्ति धाम ब्रजघाट के अंत्येष्टि स्थल का सुंदरीकरण कराने के उद्देश्य से मोदी सरकार द्वारा द्वारा पिछले साल दो करोड़ की रकम भेजी गई थी, परंतु अंत्येष्टि स्थल में अतिक्रमण का मकड़जाल फैला होने से नियत अवधि में सुंदरीकरण कार्य प्रारंभ न होने पर संबंधित राशि वापस लौट गई थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने दोबारा तीन करोड़ की राशि भेजी थी, परंतु उसे भी धरातल पर उतारने के लिए अंत्येष्टि स्थल में अपेक्षित स्थान न मिलने से संबंधित राशि वापस लौटने का खतरा मंडरा रहा था। जिस पर गंगा सभा आरती समिति समेत कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने मई माह में बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन किया था। जिसमें क्षेत्रीय विधायक हरेंद्र तेवतिया और एसडीएम अंकित वर्मा ने भी शिरकत की थी। जनाक्रोश के चलते डीएमं के निर्देशन में तहसील और पालिका प्रशासन को कड़े कदम उठाते हुए अंत्येष्टि स्थल में हो रहे अतिक्रमण के मकड़जाल को हटवाना पड़ा था। जिसके बाद केंद्र सरकार से आई राशि से सुंदरीकरण का कार्य प्रारंभ हो गया था, परंतु कुछ दिन बाद ही लकड़ी की टाल और अस्थाई दुूकानों के रूप में अंत्येष्टि स्थल को फिर से अतिक्रमण का मकड़जाल अपनी गिरफ्त में जकड़ने लगा है। योजना के तहत श्मशान घाट में सुंदरीकरण के साथ ही दाह संस्कार करने आने वालों के बैठने का स्थान, शुद्ध पेयजल, दाह संस्कार को उपयुक्त स्थान समेत मंदिर का निर्माण होना भी प्रस्तावित है। प्रारंभिक चरण में पानी का बहाव रोकने के लिए फाउंडेशन तैयार की जा रही है।। डीएम अभिषेक पांडेय ने खुद मौके पर पहुंचकर श्मशान घाट में चल रहीं अवैध टाल और अस्थाई दुकानों को सख्ती के साथ हटवा दिया था। परंतु इसके बाद भी अतिक्रमण करने वाले फिर से अपने मंसूबों को परवान चढ़ाने की कवायद में जुट गए हैं। जिससे अंत्येष्टि स्थल के सुंदरीकरण कार्य में बाधा उत्पन्न होने के साथ ही दिवंगतों का दाह संस्कार करने आने वालों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना मजबूरी बनी हुई है। जलोनी लकड़ी वैलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि रविप्रकाश बाल्मीकि ने डीएम के आदेश पर मुक्त हुए अंत्येष्टि स्थल में फिर से अतिक्रमण का मकड़जाल बिछना बेहद दुर्भाग्य का विषय होने के साथ ही पालिका प्रशासन की सीधी विफलता से भी जूड़ा है।
क्या कहते हैं अधिकारी
एसडीएम श्री राम यादव का कहना है कि बहुत जल्द अपनी देखरेख में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। ताकि गंगानगरी में चल रहे विकास कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई अथवा अवरोध उत्पन्न न हो पाए।







