विश्व पर्यावरण दिवस पर 101 पौधे लगाए गए
हापुड़। विश्व पर्यावरण दिवस पर गढ़ नगर के साथ-साथ खादर क्षेत्र के गांव भगवंतपुर और नयागांव इनायतपुर में 101 पौधे लगाए गए। क्षेत्र में वनस्पति की कमी को देखते हुए बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के मेरठ मंडल अध्यक्ष जीते चौहान, गढ़ कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पांडेय, नवदीप सिंह सरदार, वीरेंद्र सिंह सरदार, सेवाराम चौहान, अमित चौहान, कुलदीप ने संरक्षण की जिम्मेदारी ली है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि इस बार गर्मी बहुत ज्यादा पड़ रही है। हमें पर्यावरण को बचाना है, अधिक से अधिक पौधारोपण करना है। पृथ्वी पर ग्रीन हाउस इफेक्ट हो रहा है इसलिए हमें पानी का सदुपयोग करना है। पेड़ बहुत ही उपयोगी हैं, हमें ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने चाहिए। इससे गर्मी कम होगी, बरसात अधिक होगी। जहां पेड़ पौधे हैं, वहां तापमान कम रहता है। विकास के कारण पेड़ों की कटाई हुई है, लेकिन इस कटाई की भरपाई के लिए हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। नवदीप सिंह सरदार ने कहा है कि हमें पेड़ लगाने के बाद कम से कम 3 वर्ष तक सुरक्षा और सिंचाई की पुख्ता व्यवस्था भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक दृष्टि से पर्यावरण का बहुत महत्व है। हमें पर्यावरण को कम से कम नुकसान पहुंचाना है।हमें पर्यावरण बचाने के साथ-साथ पानी को भी बचाना जरूरी है। हमें जल, जमीन, जंगल सभी को बचाना है। उन्होंने कहा कि आज 101 पौधे लगाकर शुरुआत हुई है। मानसून में अभी और भी पौधे लगाए जाएंगे।